Page Loader
आइकॉनिक बाइक: हर उम्र के लोगों को पसंदीदा बाइक थी रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 को 2009 में पेश किया गया था (तस्वीर: रॉयल एनफील्ड)

आइकॉनिक बाइक: हर उम्र के लोगों को पसंदीदा बाइक थी रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 

Aug 30, 2023
10:06 am

क्या है खबर?

रॉयल एनफील्ड की आइकॉनिक बाइक क्लासिक 500 कंपनी का शानदार दोपहिया वाहन रहा था। एक दशक तक भारतीय सड़कों पर धूम मचाने वाली इस बाइक की अनोखी आवाज और क्लासिक लुक ने लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। कंपनी की सभी बाइक्स लोकप्रिय रही हैं, लेकिन इसकी छवि सबसे अलग थी। 2009 में लॉन्च हुई इस बाइक ने युवाओं को तो अपना दीवाना बनाया ही था, लेकिन हर उम्र के लोग इसकी सवारी करना पसंद करते थे।

खासियत 

ऐसा था क्लासिक 500 का लुक 

रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 में अन्य बुलेट बाइक की तरह गोलाकार हेडलैंप और टेललैंप और सिंगल सीट के साथ पेश किया गया था। इसमें ब्रेक लाइट क्लस्टर के साथ बड़ा टेल लैंप भी बड़े मडगार्ड की तरह रेट्रो लुक देता था। इसमें चेसिस फ्रेम को भी टैंक, साइड पैनल और मडगार्ड के समान रंग में रंगा गया था। यह दोपहिया वाहन 194 किलोग्राम के वजन के साथ स्टील्थ ब्लैक, क्रोम, बैटल ग्रीन और गनमेटल ग्रे रंग में उपलब्ध था।

प्रोडक्शन बंद 

बंद करने से पहले पेश किया था स्पेशल एडिशन 

रॉयल एनफील्ड क्लासिक 500 को 499cc, सिंगल सिलेंडर, 4 स्ट्रोक, ट्विनस्पार्क, एयर-कूल्ड इंजन के साथ पेश किया गया था, जो 27.2bhp की पावर और 41.3Nm का टॉर्क पैदा करता था। यह 3.98 सेकेंड में 0 से 60 किमी/घंटा की गति आसानी से पकड़ लेती थी और 40-45 किमी/लीटर का माइलेज देती थी। इस गाड़ी का प्रोडक्शन 2019 में बंद कर दिया, लेकिन इससे पहले कंपनी ने इसका क्लासिक 500 ट्रिब्यूट ब्लैक लिमिटेड एडिशन भी पेश किया था।