Page Loader
हुंडई क्रेटा EV के जल्द लॉन्च की हो गई पुष्टि, जानिए कब देगी दस्तक 
हुंडई क्रेटा EV को ग्लोबल एक्सपो में लॉन्च किया जाएगा (तस्वीर: हुंडई)

हुंडई क्रेटा EV के जल्द लॉन्च की हो गई पुष्टि, जानिए कब देगी दस्तक 

Jan 01, 2025
06:25 pm

क्या है खबर?

दक्षिण कोरियाई कार निर्माता हुंडई मोटर कंपनी ने आज (1 जनवरी) को एक टीजर जारी कर आधिकारिक तौर पर क्रेटा EV की जल्द भारत में लॉन्च की पुष्टि कर दी है। क्रेटा इलेक्ट्रिक को 2025 भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में पेश किया जाएगा, जो 17 जनवरी से नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा है। कोना EV बंद होने के बाद कंपनी की भारत में केवल एक इलेक्ट्रिक कार आयोनिक-5 रह गई है।

बदलाव 

ICE मॉडल से कितनी अलग होगी क्रेटा EV?

लुक के मामले में क्रेटा EV अपने ICE मॉडल से थोड़ी अलग होगी। इसमें LED हेडलाइट और DRL डिजाइन समान रहेगा, लेकिन ग्रिल में बदलाव होगा। इसमें इलेक्ट्रिक वाहन के अनुरूप क्लोज्ड ग्रिल मिलेगी। इसके अलावा अलॉय व्हील्स भी ICE वर्जन से अलग होंगे, जिनमें एयरोडायनेमिक डिजाइन मिलेंगे। क्रेटा इलेक्ट्रिक बैजिंग के साथ केबिन में नई अपहोल्स्ट्री, नया गियर सिलेक्टर, अपडेटेड सेंटर कंसोल, नया 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और एम्बिएंट लाइटिंग शामिल हो सकती है।

रेंज 

इलेक्ट्रिक कार दे सकती है इतनी रेंज 

कार निर्माता ने इसके पावरट्रेन और बैटरी विकल्प का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इसमें 45kWh और 55kWh बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है। दोनों बैटरी विकल्प 450 से 500 किलोमीटर के बीच रेंज देने में सक्षम होंगे। इसके अलावा गाड़ी में एक इलेक्ट्रिक पैनोरमिक सनरूफ, आगे इलेक्ट्रिकली एडजेस्टेबल सीट्स, दूसरी पंक्ति में रिक्लाइनिंग सुविधा मिलेगी। इसकी कीमत 20 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आस-पास रखे जाने की उम्मीद है। यह MG ZS EV और टाटा कर्व EV से मुकाबला करेगी।