मूसलाधार बारिश में कार चलाने में नहीं आएगी दिक्कत, ऐसे बढ़ाएं विजिबिलिटी
क्या है खबर?
देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश का दौर शुरू हो गया है। इस दौरान कार चलाने में सबसे ज्यादा परेशानी दृश्यता (विजिबिलिटी) को लेकर होती है। झमाझम बारिश के दौरान सामने सड़क पर कुछ भी नजर नहीं आता। ऐसे में हादसा होने का खतरा बना रहता है। इस कारण ऐसे मौसम में ड्राइविंग करना खतरनाक हो सकता है। कुछ तरीकों को अपनाकर आप विजिबिलिटी को बेहतर बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसके लिए क्या उपाय करें।
#1
विंडशील्ड वाइपर का रखें ध्यान
बारिश में गाड़ी चलाते समय विंडशील्ड वाइपर सबसे ज्यादा उपयोगी होते हैं। ये बारिश के दौरान शीशे पर गिरने वाले पानी काे तुरंत साफ कर विजिबिलिटी को बेहतर बनाते हैं। हालांकि, लगातार इस्तेमाल से वाइपर ब्लेड खराब हो सकते हैं, जिससे उनका परफॉर्मेंस कमजोर हो सकता है। इसलिए, हमेशा सलाह दी जाती है कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले अपने वाइपर ब्लेड की जांच करें और जरूरत पड़ने पर उन्हें बदल लें।
#2
AC का ऐसे करें उपयोग
बारिश के दाैरान सबसे ज्यादा परेशानी तब आती है, जब शीशों पर भाप जमा हो जाती है। इससे सामने दिखना बंद हो जाता है। जब भी बारिश के समय कार को चलाएं तो हमेशा AC को खास सेटिंग पर चलाने से विंडशील्ड पर जमने वाली भाप को आसानी से हटाया जा सकता है। AC चलाने के बाद पैनल में हवा के फ्लो को विंडशील्ड पर सेट करना चाहिए। ऐसा करने से कुछ सेकेंड में ही भाप खत्म हो जाती है।
#3
डिफॉगर का इस्तेमाल आएगा काम
बारिश के दौरान कार के बाहर और अंदर का तापमान अलग-अलग होने के कारण शीशों पर भाप जमा हो जाती है। इसका असर आगे ही नहीं पीछे के शीशों पर भी नजर आता है। ऐसे में सामने से आ रहे वाहनों के अलावा पीछे के यातायात को देखना भी मुश्किल हो जाता है। इसलिए, डिफॉगर का उपयोग करना बेहतर रहता है। यह पीछे के शीशे पर जमी भाप को आसानी से साफ कर देता है।