कहीं एयर वेंट्स में गंदगी के कारण तो कम नहीं हो गई कूलिंग, ऐसे करें साफ
क्या है खबर?
भीषण गर्मी के दौरान कार के अंदर एयर कंडीशनर (AC) की ठंड़ी और ताजा हवा सफर का आरामदायक बना देती है। AC की यह ठंडी हवा एयर वेंट्स से केबिन के अंदर आती है। कई बार आपने देखा होगा कि इनकी सफाई नहीं करने से प्रदूषित और दुर्गंधयुक्त हवा झेलनी पड़ती है। कार मालिक केबिन तो साफ कर लेते हैं, लेकिन एयर वेंट्स पर इतना ध्यान नहीं दे पाते हैं। आइये जानते हैं एयर वेंट को कैसे साफ करें।
कारण
इस कारण वेंट्स में जमा होती है गंदगी
कार के एयर वेंट हर ड्राइव में अपनी क्षमता से कहीं ज्यादा काम करते हैं। ये भीषण गर्मी में ताजी और ठंडी हवा देते हैं, वहीं सर्दी में सुकून भरी गर्माहट पहुंचाते हैं और केबिन में ट्रैफिक की बदबू को आने से रोकते हैं। ये धूल, पराग, पालतू जानवरों के बाल और अन्य कणों को भी अपनी ओर आकर्षित करते हैं, जो धीरे-धीरे समय के साथ जमा होते जाते हैं। हवा के साथ यह गंदगी केबिन में आ जाती है।
परेशानी
ये हो सकती हैं परेशानियां
एयर वेंट में जमा गंदगी एलर्जी पैदा करती है, जो चालक और यात्रियों के परेशानी का कारण बन जाता है। इससे उन्हें छींक आने या आंखों में खुजली जैसी समस्या पैदा हो सकती है। वेंट्स के अंदर नमी से फफूंद लग सकती है, जिससे दुर्गंध आने लगती है। यह AC सिस्टम से निकलने वाली नमी वाष्पित नहीं होने के कारण होता है। धूल वेंट में जमा होकर वायु प्रवाह को बाधित करती है, जिससे कूलिंग धीमी हो सकती है।
तरीका
ये हैं सफाई के आसान तरीके
मुलायम डिटेलिंग ब्रश: वेंट स्लैट्स के बीच गहराई तक पहुंचने के लिए एक महीन ब्रिसल वाले ब्रश का इस्तेमाल करें, जो कोमल होने के साथ-साथ अच्छी तरह से सफाई भी करता हो। माइक्रोफाइबर टॉवल: माइक्रोफाइबर टॉवल धूल को सोख लेता है और वेंट कवर को चिकना और दाग-धब्बों से मुक्त फिनिश देता है। इंटीरियर क्लीनिंग वाइप्स: ये प्लास्टिक के लिए सुरक्षित हैं और चिकनाई वाला अवशेष नहीं छोड़ते। इसलिए, वेंट साफ और ताजा दिखते हैं और धूल जमा नहीं होती।
गहरी सफाई
इन तरीकों से करें गहराई तक सफाई
एयर कंप्रेसर: तेज हवा का प्रेशर उन कणों को हटा देता है, जो कोनों में छिपे होते हैं, जहां ब्रश नहीं पहुंच पाता। वेंट क्लीनिंग स्टिक: ये पतले उपकरण संकरे वेंट फिंस के बीच आसानी से घुस जाते हैं और कोनों में फंसी गंदगी को हटाते हैं और कचरा इकट्ठा करते हैं। हल्के इंटीरियर क्लीनर: गंदगी हटाने और सतहों को ताजा करने के लिए अपने ब्रश या तौलिये पर हल्का क्लीनर स्प्रे कर सफाई करें।