
होंडा XL750 ट्रांसलप एडवेंचर बाइक आई सामने, अगले साल भारतीय बाजार में देगी दस्तक
क्या है खबर?
जापान की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी होंडा ने अपनी XL750 ट्रांसलप एडवेंचर बाइक को पेश कर दिया है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसे अगले साल भारत में लॉन्च किया जा सकता है।
इस बाइक को बेहद आकर्षक लुक दिया गया है और इसमें होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल (HSTC) सहित कई बेहतरीन फीचर्स दिए गए हैं।
बाइक में 755cc का पैरेलल-ट्विन लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 90hp की पावर जनरेट करने में सक्षम है।
डिजाइन
कैसा है बाइक का लुक?
डिजाइन की बात करें तो होंडा XL750 को स्टील डायमंड फ्रेम पर बनाया गया है और इसमें सिंगल-पीस सीट, अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट सिस्टम और ट्रांसपैरेंट विंडस्क्रीन मौजूद है।
बाइक में ऑल-LED लाइटिंग सेटअप, इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल के साथ इंडिकेटर्स और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी को सपोर्ट करने वाला 5.0 इंच का कलर TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है।
इसमें वायर-स्पोक व्हील्स उपलब्ध है और यह मैट इरिडियम ग्रे मैटेलिक, रॉस व्हाइट ट्राइकलर और मैट बैलिस्टिक ब्लैक मैटेलिक रंगों में उपलब्ध है।
इंजन
755cc इंजन के साथ आएगी बाइक
होंडा XL750 ट्रांसलप में 755cc का पैरेलल-ट्विन, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 90hp की पावर और 75Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन के लिए इस इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।
बता दे कि इस बाइक में एक कम पावरफुल इंजन का भी विकल्प है, जो 47hp की पावर जनरेट करने में सक्षम है। कंपनी इसकी बिक्री A2 नाम से यूरोप में करती है।
फीचर्स
बाइक में मिलेंगे ये फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो होंडा XL750 ट्रांसलप में एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), 5-लेवल होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल (HSTC) और इंजन ब्रेक कंट्रोल के साथ दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। इसमें तीन राइडिंग मोड्स और व्हीली कंट्रोल भी दिया गया है।
सस्पेंशन का ध्यान रखते हुए बाइक में आगे की तरफ 43mm इनवर्टेड फोर्क्स और पीछे की तरफ एडजस्ट करने योग्य प्रीलोड मोनो-शॉक यूनिट दिया गया है।
जानकारी
क्या होगी इस बाइक की कीमत?
भारतीय बाजार में होंडा XL750 ट्रांसलप की कीमत और उपलब्धता की जानकारी इसके लॉन्च के समय ही दी जाएगी। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि देश में इसकी कीमत लगभग 13 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आस-पास हो सकती है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
होंडा मोटर कंपनी भारतीय बाजार में अपने पोर्टफोलियो को मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2025 तक भारत में कई इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन लॉन्च कर सकती है।
अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को बेहतर बनाने के लिए कंपनी हाई परफॉरमेंस बैटरी का निर्माण कर रही है। कंपनी ने बैटरी पैक बनाने के लिए एक नई सहायक कंपनी स्थापित भी कर ली है। इसके लिए होंडा ने लगभग 135 करोड़ रुपये निवेश किया है।