Page Loader
होंडा H'ness CB350 की धमाल बिक्री, तीन महीनों में बिकी 10,000 बाइक्स

होंडा H'ness CB350 की धमाल बिक्री, तीन महीनों में बिकी 10,000 बाइक्स

Feb 11, 2021
12:05 pm

क्या है खबर?

भारत में होंडा की बाइक्स को काफी पसंद किया जाता है। पिछले साल अक्टूबर में लॉन्च हुई होंडा H'ness CB350 का जादू भी भारतीय ग्राहकों पर चल रहा है। ऐसा इसलिए कहा जा सकता है क्योंकि लॉन्च होने के बाद महज तीन महीनों में ही होंडा H'ness CB350 की 10,000 यूनिट्स बिक चुकी हैं। यह मिड साइज 350-500cc सेगमेंट की बाइक्स रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 और जावा क्लासिक को कड़ी टक्कर दे रही है। आइये, इसकी खूबियां जानें।

जानकारी

कई कलर ऑप्शन्स में उपलब्ध है बाइक

ग्राहकों को होंडा की इस बाइक में कई खूबियां मिल रही हैं। कंपनी ने इसके बेस वेरिएंट DLX को तीन कलर ऑप्शन्स प्रीसियस रेड मैटेलिक, पर्ल नाइट स्टार ब्लैक और मैट मार्शल ग्रीन मैटेलिक में उतारा है। वहीं, इसका टॉप वेरिएंट DLX प्रो भी तीन डुअल टोन कलर ऑप्शन्स व्हाइट के साथ एथलेटिक ब्लू मैटेलिक, स्पीयर सिल्वर मैटेलिक के साथ पर्ल नाइट स्टार ब्लैक, मैट मैसिव ग्रे मेटैलिक के साथ मैट स्टील ब्लैक मैटेलिक में उपलब्ध है।

फीचर्स

इंस्ट्रूमेंट कंसोल से लैस है बाइक

होंडा H'ness CB 350 को क्रैडल फ्रेम पर बनाया गया है। यह दिखने में आकर्षक लगती है। इसे कंपनी ने रेट्रो डिजाइन दिया है। इसके अलावा होंडा की इस बाइक में गोल हेडलैम्प, अपवार्ड बेंट क्रोम एग्जॉस्ट और क्रोम फेंडर्स लगाए गए हैं। साथ ही बाइक LED लाइटिंग सेटअप, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी को सपोर्ट करने वाला सिंगल पॉड इंस्ट्रूमेंट कंसोल, 19 इंच के फ्रंट व्हील और 18 इंच के रियर व्हील से लैस है।

सेफ्टी फीचर्स

सुरक्षा के लिए दिए गए कई फीचर्स

होंडा ने इस बाइक को डिजाइन करते समय राइडर की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा है। राइडर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए होंडा H'ness CB 350 में सड़कों पर बेहतर हैंडलिंग के लिए डुअल चैनल एंटी ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) और होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल (HSTC) के साथ आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। इसके अलावा इस बाइक में सामने की तरफ टेलिस्कोपिक फोर्क्स और पीछे की तरफ शॉकर लगे हैं।

इंजन और कीमत

क्या है कीमत और कैसा है इंजन?

कंपनी की यह बाइक PGM-FI टेक्नोलॉजी के साथ 350cc का चार स्ट्रॉक OHC सिंगल सिलेंडर इंजन लगाया गया है। यह बाइक को स्टार्ट होने के लिए 21bhp की अधिकतम पावर के साथ-साथ 30Nm का अधिकतम टॉर्क देने में सक्षम है। वहीं, अगर हम इसकी कीमत की बात करें तो भारत में इसके बेस मॉडल की कीमत 1.86 लाख रुपये है। इसका टॉप मॉडल 1.92 लाख रुपये में बिक्री के लिए उपलब्ध है। ये कीमतें एक्स शोरूम है।