होंडा रिबेल 300 E-क्लच के साथ भारत में लॉन्च, जानिए इसकी कीमत और खासियत
क्या है खबर?
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने रिबेल 300 क्रूजर बाइक लॉन्च की है। इसे 2 वेरिएंट- स्टैंडर्ड और E-क्लच में पेश किया है। इस बाइक में 286cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन लगा है, लेकिन कंपनी ने इसके पावर और टॉर्क आंकड़ों का खुलासा नहीं किया है। दोपहिया वाहन निर्माता की वेबसाइट और बिगविंग डीलरशिप के जरिए 5,000 रुपये में इसकी बुकिंग शुरू हो गई है और डिलीवरी अक्टूबर के बीच में शुरू होने की उम्मीद है।
लुक
कैसा है इस बाइक का लुक?
रिबेल 300 का डिजाइन बॉबर बाइक से प्रेरित है, जिसमें कॉम्पैक्ट फ्यूल टैंक, खुला फ्रेम और ज्यादातर हिस्से काले रंग के हैं।
इसकी कम ऊंचाई वाली सीट और आरामदायक राइडिंग पोजिशन का मकसद ज्यादा से ज्यादा राइडर्स के लिए क्रूजर बाइक का मालिक बनना आसान बनाना है।
लेटेस्ट बाइक में LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ ड्यूल-चैनल ABS शामिल है। TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल में होंडा रोडसिंक स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा मिलती है।
कीमत
कितनी है इस बाइक की कीमत?
इसके टॉप वेरिएंट में होंडा की E-क्लच टेक्नोलॉजी दी गई है, जिसके लिए 40,000 रुपये ज्यादा देने होंगे।
इस सिस्टम की मदद से राइडर क्लच लीवर को हाथ से इस्तेमाल किए बिना ही गाड़ी स्टार्ट कर सकते हैं, रोक सकते हैं और गियर बदल सकते हैं।
आम ऑटोमैटिक या DCT गियरबॉक्स के विपरीत E-क्लच में पैर से ऑपरेट होने वाला स्टैंडर्ड गियर शिफ्टर भी मिलता है। इसकी कीमत 2.22 लाख से 2.62 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।