टाटा सिएरा EV में बूस्ट मोड और टेरेन मोड्स के मिले संकेत, जानिए कितनी देगी रेंज
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स ने सिएरा EV का एक नया प्रोमोशनल वीडियो जारी किया है, जिसमें यह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में मशहूर 'ताल मोरीब' रेत के टीले पर चढ़ाई करती हुई दिख रही है। इस वीडियो में मुख्य रूप से SUV की ऑफ-रोड क्षमता को दिखाया गया है, लेकिन इसमें प्रोडक्शन-रेडी सिएरा EV के बारे में कई नई जानकारियां भी सामने आई हैं, जिन्हें पहले नहीं बताया गया था। यह इलेक्ट्रिक कार 30 जून को लॉन्च होगी।
मोड्स
मुश्किल रास्तों के लिए मिलेंगे मोड्स
वीडियो से मिलने वाली सबसे महत्वपूर्ण जानकारियों में से एक टेरेन मोड्स की मौजूदगी है, जो हैरियर EV में दिए गए मोड्स के समान हैं। रेत के टीलों पर चढ़ाई के दौरान इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में स्पष्ट रूप से सैंड मोड सिलेक्टेड दिखाई देता है, जिससे संकेत मिलता है कि सिएरा EV में विभिन्न भूभागों के लिए अनुकूलित कई ड्राइव मोड्स उपलब्ध होंगे। रेत के टीले पर तेजी से चढ़ते समय बूस्ट मोड मिलने की भी पुष्टि हुई है।
रेंज
इतनी हो सकती है गाड़ी की रेंज
वीडियो में इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर 80 फीसदी बैटरी चार्ज के साथ 424 किलोमीटर की बची हुई रेंज दिखा रहा है। अगर, यह आंकड़ा सही है और सिर्फ असल ड्राइविंग कंडिशन के बजाय दिखाई गई अनुमानित रेंज को दिखाता है तो इससे पता चलता है कि फुल चार्ज होने पर इसकी रेंज 500 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है। इसके अलावा डिस्प्ले में ड्यूल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव कॉन्फिगरेशन की भी पुष्टि हुई है।