हीरो विदा VX2 प्लस 4.4kWh स्कूटर लॉन्च, रेंज और टॉप स्पीड में हुआ इजाफा
क्या है खबर?
हीरो मोटोकॉर्प की इलेक्ट्रिक शाखा विदा ने VX2 प्लस इलेक्ट्रिक स्कूटर का नया 4.4kWh वर्जन लॉन्च किया है। इसमें हटाने योग्य 2 बैटरी पैक मिलते हैं, जिनमें से हर एक की क्षमता 2.2kWh है। इस अपग्रेड के साथ स्कूटर 187 किलोमीटर (IDC) तक की रेंज देने में सक्षम है। बड़े बैटरी पैक, ज्यादा रेंज और टॉप स्पीड के साथ तेज AC चार्जिंग के अलावा इसके ज्यादातर फीचर और स्पेसिफिकेशन काफी हद तक VX2 प्लस 3.4 वेरिएंट जैसे ही हैं।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस है स्कूटर
VX2 प्लस के नए वेरिएंट की स्टाइलिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। टेक किट में 4.3-इंच का TFT डिस्प्ले है, जो रिमोट इमोबिलाइजेशन, पिंग माय स्कूटर और व्हीकल स्टैट्स जैसे काम के कनेक्टिविटी फीचर देता है। अन्य खास फीचर में OTA अपडेट, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, रिवर्स पार्किंग फंक्शन, ऑल-LED लाइटिंग, फ्रंट डिस्क ब्रेक और फ्रंक (सामने का स्टोरेज) शामिल हैं। इको, राइड और स्पोर्ट जैसे राइड मोड के साथ बेहतर परफॉर्मेंस के लिए बूस्ट फंक्शन भी दिया गया है।
कीमत
इतनी चुकानी होगी इसकी कीमत
नए स्कूटर की अधिकतम रफ्तार 90 किलोमीटर/ घंटा है, जो VX2 प्लस 3.4 की 80 किलोमीटर/घंटा से ज्यादा है। नए वेरिएंट के साथ यूजर्स को तेज चार्जिंग का फायदा मिलता है। AC चार्जिंग से 0-80 फीसदी चार्ज होने में 3 घंटे 17 मिनट लगते हैं, जबकि फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करने पर 0-80 फीसदी चार्जिंग 65 मिनट में हो जाती है। यह 3.1 सेकेंड में 0-40 किलोमीटर/घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है और कीमत 1.44 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।