Page Loader
ग्लोबल एक्सपो में पहली बार सबसे ज्यादा वाहन निर्माता लेंगे हिस्सा, जानिए कब होगा 
ग्लोबल एक्सपो का आयोजन अगले साल 17-22 जनवरी के बीच होगा

ग्लोबल एक्सपो में पहली बार सबसे ज्यादा वाहन निर्माता लेंगे हिस्सा, जानिए कब होगा 

Dec 15, 2024
03:05 pm

क्या है खबर?

ऑटो एक्सपो के आगामी संस्करण में अब तक की सबसे ज्यादा संख्या में वाहन निर्माता भाग लेंगे। इसमें 34 कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के तत्वावधान में 17-22 जनवरी, 2025 तक दिल्ली के भारत मंडपम में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 का आयोजन होगा। इसमें ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ACMA) और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) का सहयोग रहेगा। बता दें, ऑटो एक्सपो का पहला संस्करण 1986 में आयोजित किया गया।

बयान 

कहां होगा एक्सपो का आयोजन?

SIAM के महानिदेशक राजेश मेनन ने PTI को बताया, "लगभग 34 वाहन निर्माता इस प्रदर्शनी में भाग लेंगे और विभिन्न पावरट्रेन से संबंधित प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन करेंगे।" उन्होंने कहा कि यह इस आयोजन के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक भागीदारी है। एक्सपो में डीकार्बोनाइजेशन, सर्कुलरिटी, इलेक्ट्रिफिकेशन और सड़क सुरक्षा पर अलग-अलग विषयगत मंडप स्थापित किए जाएंगे। ग्लोबल एक्सपो इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर, द्वारका और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में एकसाथ आयोजित किया जाएगा।

भागीदारी 

आयोजन में इन कंपनियों की होगी भागीदारी 

SIAM ने बताया कि आयोजन में टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टोयोटा, हुंडई, किआ मोटर्स, MG मोटर्स और स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान BMW, मर्सिडीज-बेंज, पोर्शे और BYD जैसी लग्जरी कार निर्माता कंपनियां भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगी। दोपहिया वाहन सेगमेंट में TVS मोटर, बजाज, हीरो मोटोकॉर्प, होंडा, सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया और यामाहा भागीदारी होंगी। इसके अलावा एथर एनर्जी, ओला इलेक्ट्रिक और विनफास्ट जैसे EV निर्माता और कई कमर्शियल वाहन निर्माता भी भाग लेंगी।