फास्टैग के वार्षिक पास की ज्यादा चुकानी होगी फीस, जानिए कितनी बढ़ी
क्या है खबर?
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्टैग के वार्षिक पास के शुल्क में वृद्धि की घोषणा की है। फीस 3,000 से बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दी गई है। सरकार द्वारा रविवार (15 मार्च) को जारी एक नोट के अनुसार, संशोधित शुल्क 1 अप्रैल से प्रभावी होगा और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरों का निर्धारण और संग्रह) नियम, 2008 के अनुसार लागू किया गया है। वार्षिक पास सुविधा फास्टैग वाले निजी वाहनों के लिए उपलब्ध है।
वार्षिक पास
वार्षिक पास में मिलती है यह सुविधा
इस पास की मदद से वाहन मालिक अपने फास्टैग अकाउंट को बार-बार रिचार्ज करने के बजाय एक बार वार्षिक शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। यह एक वर्ष या अधिकतम 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग तक वैध रहता है। राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप या प्राधिकरण की वेबसाइट के माध्यम से भुगतान पूरा होने के बाद वाहन से जुड़े मौजूदा फास्टैग पर 2 घंटे के भीतर इसे सक्रिय कर दिया जाता है। इसका उपयोग लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर किया जाता है।
लोकप्रियता
अब तक कितने मिल चुके हैं यूजर?
पास सुविधा शुरू होने के बाद से काफी लोकप्रिय हो गई है। सरकार के अनुसार, अब तक 56 लाख से अधिक यूजर इसे अपना चुके हैं। फास्टैग वार्षिक पास 15 अगस्त, 2025 को टोल भुगतान को सरल बनाने और टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने के प्रयासों के तहत लॉन्च किया गया था। लॉन्च के समय इसकी कीमत 3,000 रुपये थी। यह पास मुख्य रूप से नियमित हाइवे पर यात्रा करने वालों के लिए उपयोगी है।