एलन मस्क की कंपनी दुबई में बना रही भूमिगत सुरंगें, जानिए क्या है यह प्राेजेक्ट
क्या है खबर?
दुबई में जमीन के अंदर सुरंगों में तेज गति से इलेक्ट्रिक कारों के संचालन के लिए दुबई लूप प्रोजेक्ट विकसित किया जा रहा है। इस भूमिगत हाई-स्पीड परिवहन नेटवर्क को एलन मस्क की बोरिंग कंपनी द्वारा बनाया जाएगा। इसको लेकर उसने दुबई के सड़क एवं परिवहन प्राधिकरण (RTA) के साथ साझेदारी की है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 54.5 करोड़ डॉलर (करीब 4,900 करोड़ रुपये) लागत आएगी। पहले चरण में 15.4 करोड़ डॉलर (करीब 1,385 करोड़ रुपये) खर्च किए जाएंगे।
प्रोजेक्ट
मेट्रो प्रोजेक्ट से क्या है अलग?
लूप सिस्टम को एक एक्सप्रेस भूमिगत नेटवर्क के रूप में डिजाइन किया गया है। यात्री बिना बीच में रुके सीधे अपनी मंजिल तक पहुंचते हैं। यह कॉन्सेप्ट मेट्रो से भिन्न है, जहां ट्रेनें एक लाइन के प्रत्येक स्टेशन पर रुकती हैं। पूरा नेटवर्क 22.5 किलोमीटर तक फैला होगा और इसमें 19 स्टेशन शामिल हैं, जो दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और बिजनेस बे की ओर जाता है। पहले चरण में 6.4 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी, जिसमें 4 स्टेशन होंगे।
खासियत
परिवहन मार्ग की क्या है खासियत?
स्टेशन कॉम्पैक्ट होगें, जिससे व्यस्त इलाकों में अधिक एंट्री पॉइंट उपलब्ध हो सकेंगे। सुरंगों का व्यास 3.6-मीटर होगा और इन्हें विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों की आवाजाही के लिए बनाया जाएगा। सुरंगों में आपातकालीन निकास, अग्नि पहचान और वेंटिलेशन सिस्टम, लाइटिंग सिस्टम और कैमरा कवरेज जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। पहले खंड में प्रतिदिन 13,000 और पूर्ण विस्तार होने पर लगभग 30,000 यात्रियों को ले जाया जा सकेगा। वाहन एक परिचालन नियंत्रण केंद्र से संपर्क में रहेंगे।