ट्रायम्फ टाइगर 900 की तुलना में कितनी दमदार है मल्टीस्ट्राडा V2? पढ़िए इनमें तुलना
क्या है खबर?
इटली की दिग्गज मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी डुकाटी ने भारत में इसी हफ्ते अपनी मल्टीस्ट्राडा V2 को दो ट्रिम्स और पॉवरफुल 900cc इंजन के साथ लॉन्च किया है। इसे बेहद ही आकर्षक लुक मिला है।
900cc सेगमेंट में ट्रायम्फ टाइगर 900 को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है।
लोगो का मानना है कि मल्टीस्ट्राडा V2 इस सेगमेंट में ट्रायम्फ टाइगर बाइक को जबरदस्त टक्कर दे सकती है। इसलिए आज हम आपके लिए इन दोनों बाइक्स के बीच तुलना लेकर आए हैं।
डिजाइन
दमदार लुक में आती हैं ये बाइक्स
ट्रायम्फ टाइगर 900 और डुकाटी मल्टीस्ट्राडा V2 में मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्प्लिट-स्टाइल सीट, साइड-माउंटेड अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट और ट्रांसपैरेंट विंडस्क्रीन दिए गए हैं।
टाइगर 900 को ट्यूबलर स्टील फ्रेम पर बनाया गया है और इसमें आगे की तरफ 19-इंच और पीछे की तरफ 18-इंच कास्ट एल्यूमीनियम की पहिए दिए गए हैं। वहीं, मल्टीस्ट्राडा V2 को एल्यूमीनियम मोनोकोक फ्रेम पर बनाया गया है और इसमें आगे की तरफ 19-इंच और पीछे की तरफ 17-इंच के मेटल अलॉय व्हील दिए गए हैं।
जानकारी
डुकाटी मल्टीस्ट्राडा V2 का व्हीलबेस है ज्यादा
ट्रायम्फ टाइगर 900 का व्हीलबेस 1,560mm, फ्यूल कैपेसिटी 20-लीटर और वजन 245 किलोग्राम है। इसकी तुलना में डुकाटी मल्टीस्ट्राडा V2 का व्हीलबेस 1,567mm, फ्यूल कैपेसिटी 22-लीटर और वजन 242 किलोग्राम है।
इंजन
अधिक पॉवरफुल इंजन के साथ उपलब्ध है नई मल्टीस्ट्राडा V2
नई मल्टीस्ट्राडा V2 में BS6 मानकों को पूरा करने वाला 937cc का ट्विन सिलेंडर इंजन दिया गया है। जो 136bhp की पॉवर जनरेट करने में सक्षम है।
ट्रायम्फ टाइगर 900 में 888cc का लिक्विड-कूल्ड वाला DOHC, इन-लाइन 3-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 8,750rpm पर 95PS की अधिकतम पावर और 7,250rpm पर 87Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है।
ट्रांसमिशन को सरल बनाने के लिए दोनों ही बाइक्स के इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।
फीचर्स
दोनों बाइक्स में दिए गए हैं ये फीचर्स
राइडर की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए ट्रायम्फ टाइगर 900 और डुकाटी मल्टीस्ट्राडा V2 में आगे और पीछे दोनों पहियों पर ब्रेम्बो डिस्क ब्रेक लगे हैं। दोनों ही बाइक्स में स्पोर्ट्स, रेन, ऑफ-रोड जैसे मोड दिए गए हैं।
सस्पेंशन को आरामदायक बनाने के लिए इनमें आगे की तरफ इनवर्टेड फोर्क्स और पीछे की तरफ मोनो-शॉक यूनिट दिया गया है।
बता दें कि टाइगर में शोआ-सोर्स सेटअप मिलता है, जबकि मल्टीस्ट्राडा इन-हाउस स्काईहुक सस्पेंशन सेटअप के साथ आती है।
जानकारी
क्या है इनकी कीमत?
भारतीय बाजार में डुकाटी ने अपनी मल्टीस्ट्राडा V2 की शुरूआती कीमत 14.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) पर लॉन्च किया है। वहीं, ट्रायम्फ टाइगर 900 की एक्स शोरूम कीमत लगभग 16.6 लाख रुपये है।