पैसे बचाने के चक्कर में मत करना ये गलतियां, CNG किट लगवाने से पहले रखें ध्यान
क्या है खबर?
देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अधिक होने के कारण ज्यादातर लोग ईंधन पर होने वाले खर्चे को कम करने के विकल्प ढूंढते हैं। इससे बचने के लिए कई लोग CNG कार खरीदते हैं। CNG दोनों ईंधन विकल्पों से सस्ता होने के साथ-साथ अधिक माइलेज भी देती है। पेट्रोल कार रखने वाले भी बाजार से CNG किट लगवाते हैं, लेकिन पैसा बचाने के चक्कर में नुकसान करवा बैठते हैं। आइये जानते हैं किट लगवाते हुए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
विचार
बिना सोचे-समझे न लें फैसला
आप अपनी पुरानी कार में CNG किट को लगवाने का मन बना रहे हैं तो सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि क्या सही में आपको इसकी जरुरत है? कई बार लोग कुछ ईंधन पर पैसे की बचत के लिए हजारों रुपये खराब कर लेते हैं। कम गाड़ी चलाने वाले, घर या ऑफिस के आस-पास CNG पंप नहीं होने पर किट लगवाते हैं तो यह फैसला गलत साबित हो सकता है। इसलिए पहले इन बातों पर विचार करना जरूरी है।
खतरा
सस्ती किट पड़ सकती है भारी
आपको जानकारी नहीं है तो कई बार डीलर सस्ते CNG किट की फिटिंग कारों में कर देते हैं, ज्यादातर लोग इसके बारे में जानते हैं तो वो भी समझ नहीं पाते हैं और पैसे खर्च कर देते हैं। सही फिटिंग नहीं होने पर लीकेज की आशंका बनी रहती है, जिससे किट में ब्लास्ट का भी खतरा रहता है। सस्ती किट पर वारंटी नहीं मिलती है। इसके अलावा इनके रखरखाव का खर्चा भी आपको अपनी जेब से भुगतना पड़ता है।
वारंटी
वारंटी हो जाएगी खत्म
कार निर्माता कंपनियां अपनी गाड़ियों पर कई साल और किलोमीटर की वारंटी देती हैं, लेकिन बाजार से किट लगवाने के बाद यह वारंटी खत्म हो जाती है। इसके बाद गाड़ी में किसी तरह की परेशानी आती है तो फिर उसे ठीक करवाने के लिए आपको खुद पैसा खर्च करना पड़ सकता है, जो कई बार काफी महंगा भी हो सकता है। बीमा में CNG कवर जुड़वाने से आप इस परेशानी को दूर कर सकते हैं।
चयन
ज्यादा महंगी किट का भी है नुकसान
जानकारों के मुताबिक, ज्यादा महंगी किट लगवाने का भी नुकसान होता है, क्याेंकि उसकी सर्विस आसानी से नहीं हो पाती। कुछ ही डीलर्स के पास ऐसी किट उपलब्ध होती हैं। ऐसे में उसके पार्ट्स मिलना मुश्किल हो जाता है। इसकी जगह ऐसी किट का चुनाव करना चाहिए, जिसकी बाद कहीं भी सर्विस करवाई जा सके और जरूरत पड़ने पर उसके पार्ट्स भी आसानी से मिल पाएं। नई कारों में अधिकृत डीलर्स से सीक्वेंशल किट को लगवाना बेहतर रहता है।