2021 TVS अपाचे RTR 160 4V बनाम बजाज पल्सर NS160, दोनों में से कौन सी बेहतर?
क्या है खबर?
दोपहिया वाहन निर्माता TVS ने हाल ही में भारत में अपाचे RTR 160 4V का 2021 मॉडल लॉन्च किया था।
इसमें कई बदलाव किए गए हैं। साथ ही नए मॉडल में दिया गया इंजन अधिक पावर जनरेट करता है।
इसका मुकाबला भारतीय बाजार में उपलब्ध बजाज पल्सर की NS160 से हो रहा है।
कई ग्राहक इन दोनों बाइक्स के बीच काफी कन्फ्यूज हैं। इसलिए यहां इन दोनों के बीच अंतर, इनके फीचर्स और कीमत के बारे में बताया गया है।
डायमेंशन्स
क्या है डाइमेंशन्स?
अगर हम इन बाइक्स के डाइमेंशन की बात करें तो 2021 TVS अपाचे RTR 160 4V की लंबाई 2,035mm, चौड़ाई 790mm और ऊंचाई 1,050mm है। वहीं, इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 180mm और इसका व्हीलबेस 1,357mm है।
वहीं, बजाज पल्सर NS160 की लंबाई इससे थोड़ी कम ज्यादा 2,017mm, चौड़ाई 803.5mm और ऊंचाई उससे ज्यादा 1,060mm है। इसके अलावा इसका व्हीलबेस नई अपाचे RTR 160 4V से थोड़ा ज्यादा 1,372mm और ग्राउंड क्लीयरेंस थोड़ा कम 177mm है।
फीचर्स
ये हैं अन्य फीचर्स?
2021 TVS अपाचे RTR 160 4V के फ्यूल टैंक में 12 लीटर फ्यूल आ सकता है। इसका वजन 147 किलोग्राम है।
वहीं, बजाज पल्सर NS160 के फ्यूल टैंक की कैपेसिटी तो नई अपाचे RTR 160 के समान 12 लीटर ही है, लेकिन यह उससे वजन में थोड़ी भारी है। इसका वजन 151 किलोग्राम है।
बता दें कि दोनों ही बाइक्स में एलॉय व्हील्स लगाए गए हैं। इसके अलावा इनमें लाइटिंग के लिए हेडलाइट्स और टेललाइट्स जैसे फीचर्स उपलब्ध हैं।
इंजन्स
दोनों बाइक्स में दिए गए दमदार इंजन्स
TVS की इस नई अपाचे RTR 160 4V में 159.7cc का चार स्ट्रोक ऑयल कूल्ड इंजन दिया गया है। यह 9,250rpm पर 17.63bhp की अधिकतम पावर और 7,250rpm पर 14.73Nm का अधिकतम टॉर्क जनरेट करता है। साथ ही यह पांच स्पीड गियरबॉक्स से लैस है।
वहीं, बजाज पल्सर NS60 का 160.3cc का इंजन 9,000rpm पर 17.2bhp की पावर और 7,250rpm पर 14.6Nm का अधिकतम टॉर्क देने में सक्षम है। इसका इंजन भी पांच स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है।
जानकारी
कितना देती हैं माइलेज?
जानकारी के मुताबिक TVS अपाचे RTR 160 4V का 2021 मॉडल 54.78 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज दे सकता है। वहीं, बजाज पल्सर NS160 इससे कम 45 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है।
सेफ्टी फीचर्स
सुरक्षा के लिए इन फीचर्स से लैस है बाइक्स
दोनों बाइक्स में राइडर की सुरक्षा के लिए कई सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।
TVS अपाचे RTR 160 4V के 2021 मॉडल में आगे की तरफ टेलिस्कोपिक फॉर्क्स और पीछे मोनो शॉक यूनिट लगाई गई है। साथ ही यह सिंगल चैनल एंटी ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) से लैस है।
बजाज पल्सर NS160 में आगे एंटी फ्रिक्शन बुश के साथ टेलिस्कोपिक फॉर्क्स और पीछे नाइट्रॉक्स मोनो शॉक अब्जॉर्बर के साथ केनिस्टर लगा है। इसमें भी सिंगल चैनल ABS सिस्टम उपलब्ध है।
कीमतें
क्या है कीमतें?
2021 TVS अपाचे RTR 160 4V में आगे 270mm का पीटल डिस्क ब्रेक और पीछे 200mm का पीटल डिस्क ब्रेक या 130mm का ड्रम ब्रेक का ऑप्शन मिलता है। इसके शुरुआती मॉडल की कीमत 1.07 लाख रुपये और टॉप मॉडल की कीमत 1.10 लाख रुपये है।
बजाज पल्सर NS160 में आगे 260mm और पीछे 230mm का डिस्क ब्रेक दिया गया है। इसका एक ही वेरिएंट है, जिसकी कीमत 1.10 लाख रुपये है। ये सभी कीमतें एक्स शोरुम हैं।