मारुति सुजुकी से लेकर टाटा, गाड़ियों पर दे रहीं 3.5 लाख रुपये तक की छूट
क्या है खबर?
भारत की प्रमुख कार निर्माता कंपनियां अप्रैल में अपने पूरे पोर्टफोलियो में छूट और लाभ प्रदान कर रही हैं, जिसमें मॉडल और वेरिएंट के आधार पर 3.5 लाख रुपये तक का फायदा उठाया जा सकता है। छूट देने वालों में मारुति सुजुकी, हुंडई मोटर कंपनी और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन ऑफर्स के साथ ग्राहकों के लिए गाड़ियां खरीदना सुलभ हो गया है। आइये जानते हैं इस महिन आप किस मॉडल पर कितनी बचत कर सकते हैं।
#1
मारुति कारों पर होगी 2.15 लाख रुपये तक की छूट
मारुति नेक्सा रेंज में इनविक्टो पर सबसे ज्यादा 2.15 लाख रुपये तक की छूट दे रही है, जबकि ग्रैंड विटारा पर 1.07 लाख और फ्रोंक्स पर 55,000 रुपये का फायदा मिलेगा। साथ ही इग्निस, जिम्नी और XL6 पर 50,000 रुपये की बचत होगी, वहीं बलेनो पर 40,000 रुपये का फायदा होगा। एरिना मॉडल्स में ब्रेजा और शिफ्ट पर सर्वाधिक 45,000 रुपये, ऑल्टो K10, S-प्रेसो, वैगनआर, सेलेरियो और ईको पर 37,500 रुपये और विक्टोरिस पर 30,000 रुपये की छूट मिलेगी।
#2
हुंडई कारों पर कितना मिलेगा फायदा?
दक्षिण कोरियाई हुंडई मोटर कंपनी भी बिक्री बढ़ाने के लिए इस महीने 60,000 रुपये तक की छूट दे रही है, जो ग्रैंड i10 निओस और अल्काजार पर लागू है। इसके बाद i20 पर 50,000 रुपये तक का फायदा उठा सकते हैं, वहीं हुंडई वरना पर 35,000 रुपये की छूट है। कॉम्पैक्ट सेडान ऑरा पर 15,000 रुपये तक की बचत के साथ खरीदी जा सकती है। इसके अलावा 20,000 रुपये तक की अतिरिक्त छूट भी मिल सकती है।
#3
टाटा की EVs पर सबसे बड़ी बचत
टाटा पेट्रोल-डीजल गाड़ियों में कर्व पर सबसे ज्यादा 55,000 रुपये तक की छूट दे रही है, जबकि हैरियर और सफारी पर 45,000 रुपये तक की छूट उपलब्ध है। टियागो, टिगोर और नेक्सन जैसे मॉडल्स पर 30,000 रुपये तक की छूट दी जा रही है। दूसरी तरफ कर्व EV पर 3.50 लाख रुपये, हैरियर EV पर 2.75 लाख रुपये, टियागो EV और पंच EV के पुराने मॉडल पर 1.60 लाख रुपये और नेक्सन EV पर 70,000 रुपये तक की बचत होगी।