BYD सीलियन 7 लिमिटेड एडिशन भारत में लॉन्च, जानिए कितनी है कीमत
क्या है खबर?
चीनी कार निर्माता BYD ने भारत में सीलियन 7 का एक नया लिमिटेड एडिशन लॉन्च किया है। यह केवल 150 ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी। नए BYD सीलियन 7 लिमिटेड एडिशन में नया टैन और ब्लैक इंटीरियर थीम दिया गया है। मिड-स्पेक प्रीमियम वेरिएंट पर आधारित इस एडिशन की कीमत मौजूदा मॉडल से 70,000 रुपये अधिक है। इलेक्ट्रिक कार का लिमिटेड एडिशन BYD इंडिया के 'सेलीब्रेट युअर ड्रीम विद BYD' अभियान का हिस्सा है।
बदलाव
इंटीरियर में किया है यह बदलाव
लिमिटेड एडिशन में प्रीमियम नप्पा लेदर अपहोल्स्ट्री में अब टैन और ब्लैक थीम दी गई है और यही थीम डैशबोर्ड और डोर ट्रिम्स पर भी मिलती है।
स्टैंडर्ड सीलियन 7 प्रीमियम ट्रिम में मिलने वाले मोनो-टोन अपहोल्स्ट्री रंगों की तुलना में नई थीम स्पोर्टी और शानदार लगती है।
इसके 360-डिग्री कैमरा, ADAS सुइट, पैनोरमिक ग्लास रूफ, पावर्ड टेलगेट, डबल-ग्लेज्ड ग्लास, 10.25-इंच इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, HUD, 15.6-इंच रोटेबल डिस्प्ले, 12-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, ड्राइवर की मेमोरी जैसे फीचर प्रीमियम वेरिएंट जैसे ही हैं।
रेंज
कितनी रेंज देती है यह इलेक्ट्रिक SUV?
सीलियन 7 लिमिटेड एडिशन में 82.56kWh बैटरी मिलती है। प्रीमियम वेरिएंट में रियर-व्हील ड्राइव (RWD) सेटअप मिलता है, जो एक बार चार्ज करने पर 567 किलोमीटर की दूरी तय करता है।
इसके साथ 11kW AC चार्जर दिया गया है। इसके अलावा यह 558-लीटर तक कुल स्टोरेज (ट्रंक और फ्रंक) मिलता है।
भारतीय बाजार में BYD सीलियन 7 लिमिटेड एडिशन की कीमत 50.6 लाख रुपये है, जबकि इसका स्टैंडर्ड मॉडल 49.9 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत में खरीदा जा सकता है।