BYD की भारत में नई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की योजना, प्लांट लगाने से किया इनकार
क्या है खबर?
दिग्गज इलेक्ट्रिक कार निर्माता BYD विदेशों में अपनी तीव्र वृद्धि को जारी रखने के उद्देश्य से भारत के लिए एक इलेक्ट्रिक कार तैयार कर रही है। कंपनी के इंजीनियर मुख्यालय में डिजाइन पर काम कर रहे हैं, हालांकि लॉन्च की तारीख को लेकर अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है। चीनी कंपनी इस वर्ष विदेशी बिक्री में कम से कम 24 प्रतिशत की वृद्धि का लक्ष्य लेकर चल रही है, जो 13 लाख वाहनों की बिक्री के बराबर है।
डिजाइन
प्लांट लगाने को लेकर कंपनी ने क्या कहा?
दुबई में आयोजित विश्व सरकार शिखर सम्मेलन में BYD के कार्यकारी उपाध्यक्ष स्टेला ली ने कहा, "भारत हमारे लिए एक बाजार है, लेकिन हमें अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है।" उन्होंने कहा, "भारत के लिए उपयुक्त एक अलग मॉडल पेश करने की योजना है। मेरी टीम इस पर काम कर रही है, लेकिन अभी कुछ काम बाकी है।" ली ने उस रिपोर्ट का खंडन किया, जिसमें कहा है कि कंपनी भारत में असेंबली प्लांट लगाने की योजना बना रही है।
अमेरिकी बाजार
अमेरिकी बाजार पर नहीं है ज्यादा ध्यान
कार्यकारी उपाध्यक्ष ने कहा कि BYD अमेरिका को छोड़कर सभी बाजारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जहां चीनी आयात पर भारी शुल्क लगता है। इलेक्ट्रिक कार निर्माता चीन द्वारा सुरक्षा चिंताओं के चलते छिपे हुए दरवाजे के हैंडल पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा के बाद अपने विदेशी मॉडल्स में भी मैकेनिकल हैंडल पेश करेगी। बता दें कि BYD पिछले साल 22.6 करोड़ EV बेचकर एलन मस्क की टेस्ला को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की शीर्ष कंपनी बन गई।