Page Loader
BMW इस साल भारत में उतारेगी 19 नई कार और बाइक, जानिए कौन-से हैं मॉडल 
BMW इस साल भारत में 19 नई कार और बाइक लाॅन्च करेगी (तस्वीर: एक्स/@bmwindia)

BMW इस साल भारत में उतारेगी 19 नई कार और बाइक, जानिए कौन-से हैं मॉडल 

Jan 11, 2024
04:17 pm

क्या है खबर?

लग्जरी कार निर्माता BMW इस साल भारत में BMW मोटरराड के साथ मिलकर 19 नई कार और बाइक लॉन्च करेगी। इनमें नई 5 सीरीज, नई X3, नई मिनी कंट्रीमैन और R1300 GS बाइक शामिल हैं। इसके साथ ही कंपनी ने बताया है कि उसने 2023 में कार और मोटरसाइकिल की रिकॉर्ड बिक्री हासिल की है। इस दौरान, 18 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 14,172 लक्जरी कारें बेची, जिनमें से 13,303 BMW की और शेष मिनी की रही हैं।

बेस्ट सेलिंग मॉडल 

पिछले साल सबसे ज्यादा बिकी 3-सीरीज 

पिछले साल कंपनी को इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेगमेंट में भी अच्छी सफलता मिली है। इस दौरान कंपनी ने 325 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 1,474 लग्जरी इलेक्ट्रिक कारें बेची है। यह भारत में BMW समूह की कुल कार बिक्री का लगभग 10 प्रतिशत है। इसके अलावा, 2023 में 3-सीरीज कंपनी का सबसे अधिक बिकने वाला मॉडल (2,702) रहा था। इसके बाद बिक्री के मामले में X1 (2,633) दूसरे और X7 (1,513) तीसरे पायदान पर रही हैं।

दोपहिया वाहन 

ऐसी रही है दोपहिया वाहनों की बिक्री 

2023 में BMW मोटरराड भी दोपहिया वाहन बिक्री के मामले में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करने में कामयाब रही है। कंपनी ने पिछले साल 8,768 बाइक बेची हैं, जो 2022 में पूरे साल बिकीं 7,282 से ज्यादा हैं। BMW ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष विक्रम पावाह ने कहा, "2023 में तीनों ब्रांड ने अपनी अब तक की सबसे अधिक बिक्री की है और अभी कार और दोपहिया वाहनों के लिए 1,500-1,500 का ऑर्डर बैंक है।"