बजाज अगले 5 महीनों में लॉन्च करेगी 8 नए मॉडल, योजना का किया खुलासा
क्या है खबर?
बजाज इस साल 3 चरणों में पल्सर के अपग्रेड मॉडल पेश करेगी और अगले कुछ महीनों में 125cc से 250cc सेगमेंट में एक नया ब्रांड लॉन्च करेगी, जो पोर्टफोलियो के विकास के लिए महत्वपूर्ण होगा। साथ ही वह इस साल के मध्य तक अपने मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो को अपडेट करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत अगले 4-5 महीनों में 8 नए मॉडल लॉन्च किए जाएंगे और अगली 2 तिमाहियों में हर महीने 2 नए मॉडल पेश किए जाएंगे।
नए ब्रांड
नए ब्रांड के तहत ऐसे होंगे मॉडल
बजाज प्रस्तावित नए ब्रांड के तहत ड्यूल-स्पोर्ट और ऑफ-रोड मॉडल्स पर भी विचार कर रही है और 250cc से अधिक सेगमेंट में निर्यात पर आधारित अपनी रणनीति का विस्तार कर रही है। दोपहिया वाहन निर्माता ने कहा कि वह पल्सर, डोमिनार, KTM और ट्रायम्फ के माध्यम से 108 देशों में 250cc से अधिक श्रेणी में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करती है। इस सेगमेंट में निर्यात के मामले में वह रॉयल एनफील्ड के काफी करीब है।
हिस्सेदारी
इस सेगमेंट में बढ़ी है कंपनी की हिस्सेदारी
बजाज ऑटो के प्रबंध निदेशक राजीव बजाज ने CNBC-TV18 को बताया कि नए उत्पादों और कार्यान्वयन में हुए सुधारों के प्रभाव से उसने 125cc से अधिक के सेगमेंट में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाकर 22-24 फीसदी कर ली है। यह पिछले 2 महीनों में लगभग 2 प्रतिशत की वृद्धि है। बजाज पल्सर और डोमिनार जैसे ब्रांडों के साथ कंपनी 125cc से ऊपर की बाइक्स में अग्रणी है, जबकि इससे नीचे की माेटरसाइकिल्स में हीरो और होंडा अपना दबदबा बनाए हुए हैं।