कार का AC चलाते समय न करें ये गलतियां, वरना घट जाएगी कूलिंग और माइलेज
क्या है खबर?
गर्मियों में सूरज की तपिश के कारण आपकी कार कुछ ही देर में आग का गोला बन जाती है। एयर कंडीशनर (AC) के बिना आप थोड़ी दूरी का सफर भी नहीं कर सकते। अगर, आप गलत तरीके से AC का इस्तेमाल करते हैं तो कूलिंग कम होती है, माइलेज गिरता है और इंजन पर दबाव पड़ता है। ठंडे और सुरक्षित सफर के लिए सही इस्तेमाल समझना जरूरी है। आइये जानते हैं AC चलाते समय कौनसी गलतियां नहीं करनी चाहिए।
असर
खुले में कार खड़ी करने से क्या होगा?
जब कार धूप में खड़ी होती है तो केबिन का तापमान बढ़ जाता है। इससे कंप्रेसर पर प्रेशर पड़ता है, वहीं कडेंसर की हीट रिलीज क्षमता घट जाती है, जिससे कूलिंग क्षमता गिर जाती है। इसके अलावा रेफ्रिजरेंट पर प्रेशर बढ़ता है और लगातार AC चलाने से इंजन पर दबाव बढ़ता है। इससे केबिन ठंडा होने में ज्यादा समय लगता है, कूलिंग कम हो जाती है, AC ऑन-ऑफ हो सकता है। कार का पिकअप और माइलेज कम हो सकता है।
गलतियां
ये गलतियां करने से बचें
कई लोग कार स्टार्ट करते ही AC चालू करने की गलती कर देते हैं, जबकि कुछ रिसर्कुलेशन मोड चालू नहीं करते हैं। यह मोड ठंडी हवा को केबिन में घुमाता है। इससे बाहर की गर्म हवा अंदर नहीं आएगी। इसके अलावा फैन स्पीड कम/ज्यादा रखना, खिड़की खोलकर चलाना, बहुत कम तापमान सेट करना, समय पर सर्विस नहीं करना, फिल्टर को साफ नहीं करना, लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं करना जैसी गलतियां भी इसकी कूलिंग क्षमता को प्रभावित करता है।
तरीका
क्या है AC इस्तेमाल करने का सही तरीका?
सही इस्तेमाल के लिए कार स्टार्ट करने से पहले 1-2 मिनट के लिए खिड़कियां खोलें और गर्म हवा बाहर निकलने दें। शुरुआत में फैन स्पीड तेज रखें और फिर खिड़कियां बंद कर लें। इसके बाद AC ऑन करने से कूलिंग जल्दी होगी। कुछ देर बाद फैन स्पीड मीडियम कर दें और केबिन ठंडा होने के बाद रिसर्कुलेशन मोड ऑन कर लें। इससे AC पर लोड कम पड़ता है। तापमान 22-24 डिग्री और वेंट्स ऊपर या केबिन के बीच में रखें।