कार बीमा रिन्यू कराते समय न करें ये गलतियां, वरना पड़ेगा महंगा
क्या है खबर?
कार बीमा खत्म होने से पहले रिन्यू कराना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि इसमें चूक आपको भारी जुर्माने या किसी दुर्घटना का सारा खर्चा आपकी जेब पर डाल सकती है। बीमा रिन्यू आपके कवरेज की समीक्षा करने, अनिवार्य आवश्यकताओं के अनुपालन को सत्यापित करने और लागत कम करने का अवसर है। कई पॉलिसीधारक अनजाने में कुछ गलतियां कर बैठते हैं, जिससे यह महंगा पड़ सकता है। आइये जानते हैं कार बीमा रिन्यू कराते समय कौनसी गलतियां करने से बचना चाहिए।
देरी
रिन्यू कराने में देरी पड़ेगी भारी
समय पर रिन्यू न कराना: इसके कारण पॉलिसी समाप्त हो जाती है। आप उस कवरेज से वंचित हो जाते हैं, जो किसी दुर्घटना की स्थिति में आपको वित्तीय सुरक्षा प्रदान करता है। आपको जुर्माना देने के साथ जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। मौजूदा कंपनी के साथ बने रहना: बीमा रिन्यू कराते समय मौजूदा बीमा कंपनी को चुनना जरूरी नहीं है, क्योंकि जो प्लान पिछले साल आपके लिए उपयुक्त था, वह शायद अब उतना फायदेमंद न हो।
IDV
बीमाकृत घोषित मूल्य चयन में गलती
बीमाकृत घोषित मूल्य (IDV) किसी वाहन का वर्तमान बाजार मूल्य होता है। यह वह अधिकतम राशि है, जो बीमाकर्ता आपके वाहन के चोरी होने या मरम्मत से परे क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में भुगतान करेगा। अगर, उच्च IDV का चयन किया गया है तो आपको अधिक प्रीमियम देना पड़ेगा। दूसरी तरफ अगर, आप कम IDV चुनते हैं तो नुकसान या चोरी होने की स्थिति में आपको गाड़ी का पर्याप्त भुगतान नहीं मिलेगा।
NCB
NCB का दावा नहीं करने से हाेगा नुकसान
नो क्लेम बोनस (NCB) का उपयोग न करना: आपने पॉलिसी की अवधि के दौरान कोई दावा नहीं किया है, तो आप NCB के हकदार हैं, जो रिन्यू कराते समय प्रीमियम पर छूट देता है। NCB का दावा न करने पर आपको अधिक प्रीमियम देना होगा। गलत बीमा चुनना: सबसे बुनियादी कार बीमा चुनना शुरुआत में लागत कम कर सकता है, लेकिन दुर्घटना होने पर भारी खर्च उठाना पड़ सकता है। जरूरत से ज्यादा कवरेज लेने पर अधिक प्रीमियम देना होगा।
ऑफर
ऑफर के बारे में जरूर लें जानकारी
पॉलिसी के विवरण और अतिरिक्त लाभों की अनदेखी: रिन्यू कराते समय आपको पॉलिसी में शामिल शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। ऐसा न करने पर आप महत्वपूर्ण लाभों से वंचित रह सकते हैं। विवरण अपडेट न करना: आपकी गाड़ी या अन्य व्यक्तिगत विवरण को अपडेट करना जरूरी है। छूट और ऑफर्स को नजरअंदाज करना: बीमा कंपनियां अक्सर रिन्यू प्रीमियम पर छूट देती हैं। आप इनके बारे में बीमा कंपनी से नहीं पूछते हैं तो आप बचत से वंचित रह सकते हैं।