इलेक्ट्रिक कार चार्ज करते समय कर दी ये गलतियां तो फूंक देगी आपका घर
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार (18 मार्च) को इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान एक घर में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर 8 लोगों की मौत हो गई। यह घटना EV चार्जिंग के दौरान लापरवाही और नियमों की अनदेखी को उजागर करती है। अगर, आपके घर में भी EV है तो चार्जिंग के समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है, वरना हादसा हो सकता है। आइये जानते हैं कौनसी गलतियां करने से बचना चाहिए।
चार्जिंग पॉइंट
कहां नहीं लगाना चाहिए चार्जिंग पॉइंट?
इंदौर में हुई घटना में सबसे बड़ी गलती EV के चार्जिंग पॉइंट लगाने में हुई थी, जो घर के बाहर गेट के समीप था। जानकार कहते हैं कि कभी भी घर के बाहर चार्जिंग पॉइंट नहीं रखना चाहिए। बैटरी चार्ज करने के लिए घरों में 3kw चार्जर लगता है। चार्जिंग के दौरान कई बार पॉइंट के वायर गर्म होते सीधे धूप पड़ती है। इसके अलावा पेड़-पौधों में पानी देते समय पानी घुस जाता है तो शार्ट सर्किट खतरा रहता है।
सावधानी
ये रखनी चाहिए सावधानियां
घर में AC और EV वाहन है तो कम से कम थ्री फेज कनेक्शन होना चाहिए। सिंगल फेज कनेक्शन में तार गर्म होने, शॉर्ट सर्किट का खतरा बना रहता है। रातभर के लिए चार्जिंग नहीं करना चाहिए। शाम के समय कार की बैटरी चार्ज करें, लेकिन रात को चार्जिंग पॉइंट का स्विच बंद कर दें। चार्जिंग के लिए अलग से पाइंट बनाएं और मजबूत वायर रखें, क्योंकि चार्जिंग के समय गर्म होते हैं। आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।
वायरिंग
वायरों को न छोड़े खुला
घर में बिजली सुरक्षा के उपायों के साथ MCB जरूर लगाएं। इससे शॉर्ट सर्किट होने की स्थिति में बिजली बंद हो जाती है। आग फैलने का खतरा भी कम हो जाता है। चार्जिंग वायर की समय-समय पर जांच करें। वे गर्म होते हैं तो बदल दें। कई बार हम इन्हें खुले में छोड़ देते हैं और चूहे इनके ऊपरी हिस्से को कुतर देते हैं। चार्जिंग उपकरण की गुणवत्ता का खास ध्यान रखें, क्योंकि इससे शॉर्ट सर्किट का खतरा रहता है।
चार्जर
थर्ड पार्टी का चार्जर इस्तेमाल करने से बचें
EV चार्जिंग के लिए थर्ड पार्टी चार्जर का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे आग लगने की संभावना रहती है। निर्माता का चार्जर व्हीकल के बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम के साथ काम करने के लिए बनाया जाता है, जिससे चार्जिंग फास्ट और सुरक्षित रूप से होती है। चार्जर के वायर की बार-बार जांच करते रहें। अगर, खराबी नजर आती है तो इसे बदल दें। एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल करते हैं तो इसे चेक करते हैं, क्योंकि यह ओवरहीट हो सकता है।