CNG कार चलाने वाले गर्मियों में भूलकर भी न करें ये गलतियां
क्या है खबर?
देशभर में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। ऐसे में अपनी गाड़ी का खास ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है और अगर, आप CNG कार चलाते हैं तो जिम्मेदारी ज्यादा बढ़ जाती है। फ्यूल सस्ता होने के कारण थोड़ी-सी चूक भारी पड़ सकती है और कोई बड़ा हादसा होने का खतरा रहता है। अगर, आप गर्मी के मौसम में CNG कार से सुरक्षित और आरामदायक सफर चाहते हैं तो आपको ये गलतियां करने से बचने की जरूरत है।
फिलिंग
गैस भरवाते समय न करें ये गलती
गर्मियों के दौरान तापमान बहुत ज्यादा होता है। पेट्रोल और डीजल के मुकाबले CNG तापमान बढ़ने पर ज्यादा फैलती है। अगर, आप अपनी कार का CNG टैंक फुल करवा देते हैं तो सिलेंडर के अंदर दबाव काफी बढ़ सकता है। सुरक्षा के लिहाज से बेहतर है कि आप टैंक को क्षमता से 2-3 किलोग्राम कम ही भराएं। इससे गैस को फैलने के लिए जगह मिलेगी और किसी भी तरह के खतरे की संभावना कम हो जाएगी।
पार्किंग
धूप में खड़ा करना पड़ सकता है भारी
धूप में खड़ी कार गर्मी के कारण भट्टी की तरह तप जाती है। बाहर के मुकाबले अंदर का तापमान ज्यादा होता है। इससे CNG किट और पाइप लाइन पर बुरा असर पड़ सकता है। इससे सिलेंडर के फटने का खतरा बढ़ जाता है। संभव हो तो अपनी कार को हमेशा किसी छायादार जगह पर ही पार्क करें। अगर, छाया वाली जगह नहीं मिल पा रही है तो शीशों को हल्का खुला छोड़ दें, जिससे हवा का प्रवाह बना रहेगा।
लीकेज
गर्मी से पाइप लाइन पर पड़ेगा असर
लीकेज की अनदेखी: गर्मी के कारण CNG पाइप लाइन खराब हो सकती है, जिससे गैस लीकेज होने की संभावना बढ़ जाती है। अगर, आपको केबिन में गैस की गंध आ रही है तो इसकी अनदेखी न करें। खराब स्पार्क प्लग: CNG पेट्रोल के मुकाबले ज्यादा तापमान पर जलती है, जिससे इंजन जल्दी गर्म हो जाता है। गर्मी के कारण तापमान और बढ़ जाता है। खराब स्पार्क प्लग इंजन पर और ज्यादा दबाव डाल सकता है।
टेस्ट
सिलेंडर की जांच करना जरूरी
हाइड्रो टेस्टिंग की अनदेखी: गर्मी के मौसम में पुराने या कमजोर सिलेंडर फटने का डर ज्यादा रहता है। इसकी सुरक्षा के लिए हाइड्रो टेस्टिंग सबसे जरूरी है। नियमों के मुताबिक, हर 3 साल में एक बार सिलेंडर की जांच कराना अनिवार्य है। इससे आपको पता चलता है कि आपका सिलेंडर कितना सुरक्षित है। ज्वलनशील वस्तु रखना: कार के डैशबोर्ड या अंदर सैनिटाइजर, परफ्यूम, लाइटर, माचिस या पावर बैंक न छोड़ें, क्योंकि तेज गर्मी में इनमें आग लग सकती है।