आप भी चला रहे एयरबैग वाली कार, ये गलतियां कर दी तो पहुंच जाएंगे अस्पताल
क्या है खबर?
देश में आने वाली कारों में सुरक्षा के लिए एयरबैग एक मानक फीचर बन गया है। इनमें 2 से लेकर 6 और उससे भी अधिक एयरबैग दिए जा रहे हैं। इन्हें हादसे के समय यात्रियों का जीवन बचाने के लिए डिजाइन किया गया है। बहुत से लोग यह नहीं जानते कि कुछ गलतियां करने से दुर्घटना के समय यही एयरबैग आपको नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। आइये जानते हैं एयरबैग वाली कारों में कौनसी गलतियां करने से बचना चाहिए।
नुकसान
एयरबैग खुलने में हो सकती है परेशानी
कई बार लापरवाही के कारण एयरबैग के कारण भी चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है। अगर, आपने नई कार आगे बुल बार लगवाया है तो यह एयरबैग सेंसर में बाधा डाल सकता है, जिससे समय पर खुलने में परेशानी हो सकती है। सफर करते हुए सीटबेल्ट लगाना काफी जरूरी होता है। अगर, सीटबेल्ट नहीं लगाई है तो हादसे के समय इस बात की संभावना बढ़ जाती है कि हादसे के समय एयरबैग नहीं खुलें और आप चोटिल हो जाएं।
चोट
इन गलतियों से लग सकती है चोट
कई लोगों को कार के डैशबोर्ड पर चीजें रखने की आदत होती है। हादसे के वक्त एयरबैग तेजी से खुलते हैं, जिससे वहां रखे सामान से यात्रियों को चोट लग सकती है। कई यात्रियों को लंबी यात्रा के दौरान डैशबोर्ड पर पैर रखने की आदत होती है। एयरबैग खुलने पर उनके पैरों में चोट लग सकती है। चालक का स्टीयरिंग व्हील के बहुत करीब बैठना और बच्चों को आगे की सीट पर बैठाना भी खतरनाक होता है।
समाधान
ऐसे दूर करें चोट लगने की संभावना
एयरबैग से होने वाले नुकसान से बचने के लिए हमेशा सीट बेल्ट पहनें। इससे आपका शरीर स्थिर रहेगा और एयरबैग खुलने पर चोट नहीं लगेगी। चालक को सीधा बैठना चाहिए और स्टीयरिंग व्हील और छाती के बीच कम से कम 10-इंच की दूरी होनी चाहिए। स्टीयरिंग व्हील पर अपने हाथों को 9 बजे और 3 बजे की स्थिति में रखें। यात्री भी पीठ सीट से सटाकर रखें, पैरों को डैशबोर्ड पर न रखें और बच्चों को पिछली सीट पर बिठाएं।