ऑडी SQ8 भारत में 17 मार्च होगी लॉन्च, जानिए क्या है इसके फीचर
क्या है खबर?
लग्जरी कार निर्माता ऑडी भारत में अपनी फ्लैगशिप SUV SQ8 को 17 मार्च को लॉन्च करने जा रही है। फिलहाल, ऑडी Q8 स्टैंडर्ड और टॉप-एंड RS Q8 वेरिएंट में उपलब्ध है। नया SQ8 इन दोनों के बीच में आता है। परफॉर्मेंस के अलावा इस मिड-स्पेक वेरिएंट में कुछ खास एक्सटीरियर और इंटीरियर फीचर्स भी होंगे, जो इसे बाकी लाइनअप से अलग करेंगे। कंपनी का दावा है कि ऑडी SQ8 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार 4.1 सेकेंड में पकड़ लेती है।
फीचर
इन फीचर्स से लैस है नया वेरिएंट
डिजाइन की बात करें तो, SQ8 इसके RS Q8 मॉडल की तुलना में थोड़ी कम आकर्षक है। इसमें सिल्वर सराउंड वाली सिंगलफ्रेम ग्रिल, सिल्वर इंसर्ट वाला स्पोर्टी फ्रंट बंपर और LED मैट्रिक्स हेडलाइट है। पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललाइट्स और क्वाड एग्जॉस्ट दिए गए हैं। SUV में 22-इंच के अलॉय व्हील लगे हैं। केबिन में 12.3-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम वाला स्लीक डैशबोर्ड, क्लाइमेट कंट्रोल और अन्य फीचर्स के लिए सेकेंडरी टचस्क्रीन दी गई है।
इंजन
ऐसा है गाड़ी का पावरट्रेन
SQ8 में RS Q8 के समान 4-लीटर, ट्विन-टर्बो V8 इंजन मिलेगा, जो 507hp की पावर और 770Nm का टाॅर्क देता है, जबकि RS मॉडल में आउटपुट 640hp और 850Nm है। स्टैंडर्ड वर्जन में 3-लीटर, टर्बो-पेट्रोल इंजन है, जो 340hp की पावर और 500Nm का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन के लिए 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की सुविधा होगी। इस लग्जरी कार की कीमत मौजूदा स्टैंडर्ड मॉडल की 1.1 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक रहने की उम्मीद है।