LOADING...
ऑडी ने माई ऑरास इन-कार फीचर किया लॉन्च, जानिए क्या मिलेंगी सुविधाएं
ऑडी ने माई ऑरास इन-कार फीचर पेश किया है

ऑडी ने माई ऑरास इन-कार फीचर किया लॉन्च, जानिए क्या मिलेंगी सुविधाएं

Feb 04, 2026
02:38 pm

क्या है खबर?

ऑडी ने 'माई ऑरास' नामक एक नया इन-कार फीचर पेश किया है, जो कार मालिकों को पूर्व निर्धारित मोड का उपयोग करके केबिन के वातावरण को अपनी पसंद के अनुसार अनुकूलित करने की सुविधा देता है। एक क्लिक से यूजर एंबिएंट लाइटिंग, केबिन तापमान, संगीत, सीट वेंटिलेशन, मसाज और सुगंध को एडजेस्ट कर सकते हैं। भारत में बिकने वाली ऑडी A4, Q3, Q3 स्पोर्टबैक, Q5, A6, Q7, Q8, RS Q8 और Q8 ई-ट्रॉन में यह फीचर उपलब्ध होगा।

फायदा 

नए फीचर का यह होगा फायदा 

माई ऑरस की मदद से चालक कार की कई सेटिंग्स को एक साथ कंट्रोल कर सकते हैं, बजाय इसके कि हर सेटिंग को अलग-अलग एडजस्ट करना पड़े। ऑडी का कहना है कि इससे कम मेहनत में आरामदायक ड्राइविंग माहौल बनाना आसान हो जाता है। लग्जरी कार निर्माता के अनुसार, यह फीचर रोजाना की ड्राइविंग और लंबी यात्राओं के दौरान तनाव कम करने और आराम बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है, जो चालक की मनोदशा के अनुरूप ढल जाता है।

ऐप 

ऐप में मिलेंगे अलग-अलग मोड

यह फीचर माईऑडी कनेक्ट ऐप के माध्यम से उपलब्ध है और इसे इंफोटेनमेंट सिस्टम में भी एकीकृत किया जाएगा। ऐप में रोडसाइड असिस्टेंस और वाहन सर्विस के विकल्प भी शामिल हैं, जिससे यूजर एक ही प्लेटफॉर्म से सब कुछ मैनेज कर सकते हैं। इसमें विशेष अवसरों के लिए अलग-अलग मोड दिए हैं। त्योहारों के थीम को मौसम और सांस्कृतिक आयोजनों के आधार पर कस्टमाइज किया जा सकता है। जन्मदिन मोड यूजर के जन्मदिन पर अपने आप एक्टिवेट हो सकता है।

Advertisement