2026 रॉयल एनफील्ड कॉन्टिनेंटल GT 650 लॉन्च, जानिए क्या किए हैं इसमें बदलाव
क्या है खबर?
रॉयल एनफील्ड ने अपडेटेड कॉन्टिनेंटल GT 650 लॉन्च की है। इस लोकप्रिय कैफे रेसर बाइक में कॉस्मेटिक अपडेट और कुछ नए फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने रॉकर रेड वेरिएंट के साथ ब्लैक-आउट लुक भी पेश किया है। यह लुक पहले सिर्फ एपेक्स ग्रे वेरिएंट में मिलता था। रॉकर रेड और एपेक्स ग्रे वेरिएंट में इंजन और एग्जॉस्ट ब्लैक-आउट हैं। इन वेरिएंट्स में कास्ट अलॉय व्हील्स का इस्तेमाल किया गया है, जो ब्लैक शेड में हैं।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस है बाइक
2026 रॉयल एनफील्ड कॉन्टिनेंटल GT 650 में काले रंग का इंस्ट्रूमेंट काउल दिया गया है, जिससे इसका लुक ज्यादा शार्प और आकर्षक लगता है।
बाइक में स्लीक LED इंडिकेटर्स भी दिए गए हैं और टाइप-C USB फास्ट चार्जर भी जोड़ा है। ज्यादा जबरदस्त रेट्रो फील के लिए शौकीन ब्रिटिश रेसिंग ग्रीन या मिस्टर क्लीन वेरिएंट को चुन सकते हैं।
बाइक में ट्विन-पॉड सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एक इंटीग्रेटेड LCD स्क्रीन भी दी गई है।
कीमत
कितनी है इस मोटरसाइकिल की कीमत?
कॉन्टिनेंटल GT 650 में मौजूदा मॉडल के समान 648cc का पैरेलल ट्विन-सिलेंडर इंजन लगा है, जो 47.4PS की पावर और 52.3Nm का टॉर्क देता है। इसे 6-स्पीड कॉन्स्टेंट मेश गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
इसमें बोल्टेड ट्रसिंग वाला स्टील ट्यूबलर, डबल क्रैडल फ्रेम इस्तेमाल किया गया है।
इसके रॉकर रेड और ब्रिटिश रेसिंग ग्रीन वेरिएंट्स की कीमत 3.58 लाख रुपये, एपेक्स ग्रे की 3.8 लाख और मिस्टर क्लीन की 3.87 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।