2026 हुंडई वरना फेसलिफ्ट भारत में लॉन्च, जानिए क्या मिले नए फीचर
क्या है खबर?
हुंडई मोटर कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी अपडेट वरना को लॉन्च किया है। इसमें स्टाइलिंग, तकनीक, आराम और सुरक्षा के क्षेत्र में 25 से अधिक सुधार किए गए हैं। इन बदलावों का उद्देश्य मिड-साइज सेगमेंट में सेडान की लोकप्रियता को बढ़ाना है। नई हुंडई वरना के लिए 2 नए रंग विकल्प- क्लासी ब्लू और टाइटन ग्रे मैट भी पेश किए हैं। वरना में प्रीमियम केबिन अनुभव, दमदार परफॉर्मेंस और सुविधाओं की व्यापक सूची प्रदान की गई है।
एक्सटीरियर
पहले ज्यादा शार्प हुआ लुक
वरना फेसलिफ्ट में कई स्टाइलिंग बदलाव किए गए हैं, जिससे इसका लुक अधिक शार्प और आधुनिक हो गया है। इसमें ब्लैक क्रोम रेडिएटर ग्रिल, ड्यूल LED प्रोजेक्टर हेडलाइट्स और रीडिजाइन किए फ्रंट और रियर बंपर शामिल हैं। इस सेडान में नए 16-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स भी दिए गए हैं। आकार की बात करें तो, वरना इस सेगमेंट की सबसे बड़ी सेडान में से एक है। इसकी लंबाई 4,565mm, व्हीलबेस 2,670mm और चौड़ाई 1,765mm है।
इंटीरियर
केबिन के अंदर किए हैं ये बदलाव
केबिन के अंदर नया D-कट स्टीयरिंग व्हील, लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री, ड्राइवर सीट में मेमोरी फंक्शन और वेलकम रिट्रैक्ट फीचर के साथ 8-तरह से इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट की सुविधा मिलती है। पैसेंजर सीट में वॉक-इन डिवाइस के साथ 4-तरह से इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, इंफोटेनमेंट और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए 10.25-इंच के 2 डिस्प्ले मिलते हैं। सेडान में वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग पैड, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, इलेक्ट्रिक सनरूफ, 70 से अधिक कनेक्टेड फीचर्स, वॉयस कमांड क्षमता, बोस प्रीमियम साउंड सिस्टम मिलता है।
कीमत
कितनी है नई वरना की कीमत?
वरना में एक 1.5-लीटर MPi पेट्रोल और दूसरा 1.5-लीटर टर्बो GDi पेट्रोल इंजन मिलता है। इनमें ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल, 7-स्पीड ड्यूल क्लच या IVT के विकल्प दिए हैं। साथ ही ड्राइव मोड, पैडल शिफ्टर और आइडल स्टॉप एंड गो जैसी सुविधाएं भी उपयोगी हैं। सुरक्षा के लिए लेवल-2 ADAS के साथ 20 ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स शामिल किए हैं। इसके अलावा 7 एयरबैग, बिल्ट-इन डैशकैम और रेन-सेंसिंग वाइपर्स मिलते हैं। इसकी कीमत 10.98-18.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।