2026 हुंडई वेन्यू नाइट भारत में लॉन्च, जानिए लुक में क्या किया बदलाव
क्या है खबर?
हुंडई मोटर कंपनी ने भारत में नई वेन्यू नाइट लॉन्च की है, जो इसकी लोकप्रिय सब-4 मीटर SUV लाइनअप में एक बोल्ड, ब्लैक-थीम वाला एडिशन है। वेन्यू नाइट एक नए आकर्षक लुक के साथ-साथ पूरी रेंज में अपडेटेड फीचर्स लेकर आई है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी ऑल-ब्लैक थीम है, जो अंदर और बाहर दोनों तरफ मौजूद है। यह लॉन्च हुंडई की नाइट रेंज की सफलता पर आधारित है, जिसकी बिक्री 2022 से अब तक 92,000 रही है।
लुक
ऐसा है वेन्यू नाइट का लुक
नई हुंडई वेन्यू नाइट के बाहरी हिस्से में ब्लैक-पेंटेड फ्रंट ग्रिल, मैट ब्लैक हुंडई लोगो, ब्लैक स्किड प्लेट्स, रूफ रेल्स, ORVMs और अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। इसके साथ ही लाल ब्रेक कैलिपर्स स्पोर्टी लुक देते हैं, जबकि एक्सक्लूसिव नाइट बैजिंग इसकी पहचान को और भी निखारती है। केबिन में इसी तरह की थीम देखने को मिलती है, जिसमें पूरी तरह से ब्लैक इंटीरियर है और पीतल के रंग के इंसर्ट और खास सीट अपहोल्स्ट्री भी जोड़ी गई है।
अपडेट
स्टैंडर्ड मॉडल को भी किया अपडेट
हुंडई वेन्यू के चुनिंदा वेरिएंट्स- HX6T, HX10 और N10 में एक नया डैशकैम फीचर पेश किया है। यह सिस्टम ड्राइविंग, इवेंट-बेस्ड रिकॉर्डिंग, वेकेशन मोड और मोबाइल ऐप के जरिए ऑन-डिमांड वीडियो डाउनलोड सहित कई रिकॉर्डिंग मोड्स को सपोर्ट करता है। इसके अलावा वेन्यू लाइनअप में 2 नए रंग विकल्प- हेजल ब्लू मैट और मिस्टिक सैफायर मैट जोड़े गए हैं, जिससे खरीदारों को और अधिक विकल्प मिलते हैं। वेन्यू नाइट की कीमत 9.69-14.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।