
2025 TVS अपाचे RTR 200 4V भारत में लॉन्च, जानिए क्या किया है बदलाव
क्या है खबर?
TVS मोटर ने अपाचे सीरीज के 2 दशक पूरे होने का जश्न मनाते हुए अपडेटेड 2025 अपाचे RTR 200 4V को लॉन्च किया है।
मोटरसाइकिल न केवल नए OBD2B (ऑन-बोर्ड डायग्नोस्टिक्स) उत्सर्जन मानदंडों की अनुपालन करती है, बल्कि प्रदर्शन और डिजाइन में भी सुधार किया गया है।
नई TVS अपाचे RTR 200 4V अब नए ग्राफिक्स सहित 3 रंग विकल्पों- ग्लॉसी ब्लैक, मैट ब्लैक और ग्रेनाइट ग्रे में उपलब्ध हैं। इसके लिए सभी डीलरशिप पर बुकिंग खोल दी गई है।
बदलाव
बाइक में किए गए हैं ये बदलाव
2025 अपाचे RTR 200 4V में बेहतर हैंडलिंग और कॉर्नरिंग स्थिरता के लिए 37mm अपसाइड-डाउन (USD) फ्रंट सस्पेंशन दिया है। साथ ही नया हाइड्रोफॉर्मेड हैंडलबार है, जो विभिन्न राइडिंग स्थितियों में नियंत्रण को बेहतर बनाता है।
लुक को बेहतर बनाने के लिए नए ग्राफिक्स और एक बोल्ड रेड अलॉय व्हील मिलते हैं।
मोटरसाइकिल में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, DRL के साथ LED हेडलैंप और सिग्नेचर रेस-प्रेरित स्टाइलिंग है। इसमें ब्लूटूथ और वॉयस असिस्ट के साथ TVS स्मार्टकनेक्ट की सुविधा दी है।
पावरट्रेन
कैसा है बाइक का पावरट्रेन?
बाइक में 197.75cc सिंगल-सिलेंडर, ऑयल-कूल्ड इंजन लगा है, जो 9,000rpm पर 20.8PS की पावर और 7,250rpm पर 17.25Nm का टॉर्क देता है।
इसमें कई सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स- 3 राइड मोड (अर्बन, स्पोर्ट और रेन), रियर लिफ्ट-ऑफ प्रोटेक्शन के साथ ड्यूल-चैनल ABS, रेस-ट्यून्ड स्लिपर क्लच, एडजस्टेबल क्लच और ब्रेक लीवर दिए गए हैं।
दोपहिया वाहन की कीमत 1.53 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। कंपनी ने बताया कि 2 दशक में अपाचे ब्रांड ने वैश्विक स्तर पर 60 लाख से अधिक ग्राहक बनाए हैं।