
2025 रॉयल एनफील्ड हंटर 350 बनाम जावा 42 FJ: तुलना से समझें कौनसी है बेतहर?
क्या है खबर?
रॉयल एनफील्ड ने भारत में अपनी एंट्री-लेवल और सबसे सस्ती 2025 हंटर 350 को हंटरहुड फेस्टिबल के दौरान लॉन्च कर दिया है। इसे नए रंग विकल्पों, संशोधित सस्पेंशन और बेहतर सुविधाओं के साथ उतारा है।
इसका बेस वेरिएंट फैक्ट्री ब्लैक, मिड वेरिएंट रियो व्हाइट और डैपर ग्रे शेड और टॉप वेरिएंट टोक्यो ब्लैक, लंदन रेड और रेबेल ब्लू रंगों में उपलब्ध होगा।
यह जावा 42 FJ से मुकाबला करेगी। बाइक्स की तुलना से जानते हैं दोनों में कौनसी बेहतर है।
फीचर्स
इन सुविधाओं से लैस है दोनों बाइक्स
नई रॉयल एनफील्ड हंटर 350 में नए रंगों के साथ टैंक पर अपडेटेड ग्राफिक्स और फंकी लुक के लिए रिम डेकल्स दिए हैं।
इसमें गोलाकार LED हेडलाइट, आरामदायक सीट, टाइप-C चार्जिंग पोर्ट, अलॉय व्हील्स, गोलाकार डिजीटल एनालॉग क्लस्टर और टॉप-स्पेक में ट्रिपर नेविगेशन पॉड मिलता है।
जावा 42 FJ आक्रामक स्टाइल में टियर-ड्रॉप फ्यूल टैंक, LED हेडलैंप, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल से लैस है। इसके अलावा मोटरसाइकिल में मशीन कट अलॉय व्हील्स, अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट और ऑफ-सेट फ्यूल टैंक कैप भी है।
ग्राउंड क्लीयरेंस
कितना है दोनों बाइक्स का ग्राउंड क्लीयरेंस?
नई रॉयल एनफील्ड हंटर 350 में हैंडलबार की स्थिति को बदल गया है। नए ड्यूल-रेट स्प्रिंग सस्पेंशन सेटअप और अपडेटेड एग्जॉस्ट डिजाइन की वजह से ग्राउंड क्लीयरेंस 10mm बढ़कर अब 160mm हो गया है।
बाइक में सीट की ऊंचाई पहले के समान 790mm और वजन 181 किलोग्राम है।
दूसरी तरफ जावा बाइक का ग्राउंड क्लीयरेंस 178mm, वजन 184 किलोग्राम और सीट की ऊंचाई 790mm है। ब्रेकिंग के लिए दोनों में ड्यूल-चैनल ABS के साथ डिस्क ब्रेक उपलब्ध हैं।
पावरट्रेन
जावा बाइक में ज्यादा शक्तिशाली है इंजन
हंटर 350 में OBD-2B के अनुरूप 349cc, सिंगल-सिलिंडर इंजन लगा है, जो 20.2PS की पावर और 27Nm का टॉर्क पैदा करता है। ट्रांसमिशन के लिए इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। इसमें स्लिप और असिस्ट क्लच की सुविधा भी दी गई है।
दूसरी तरफ 42 FJ में 334cc, सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन है, जो 29.1hp की पावर और 29.6Nm का टॉर्क पैदा करता है।
ट्रांसमिशन के लिए इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ असिस्ट और स्लिपर क्लच से जोड़ा गया है।
कीमत
कितनी है बाइक्स की कीमत?
रॉयल एनफील्ड की क्लासिक बाइक की कीमत 1.5 लाख से शुरू होकर 1.82 लाख रुपये तक जाती है। दूसरी तरफ 42 FJ की 2.1 लाख से शुरू होकर 2.23 लाख रुपये तक जाती है।
फीचर्स और लुक के मामले में रॉयल एनफील्ड बाइक जावा 42 FJ से कम नहीं है हालांकि, इसका इंजन थोड़ा कम दमदार है।
कीमत में हंटर 350 किफायती मॉडल होने के कारण अच्छा विकल्प हो सकता है। इस कारण हमारा वोट इसी बाइक को जाता है।