क्या 9 अप्रैल को खत्म होगी अमेरिका-ईरान की जंग? पाकिस्तान में समझौता वार्ता होने की रिपोर्ट
क्या है खबर?
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के जल्द खत्म होने के आसान नजर आ रहे हैं। इजरायली मीडिया ने एक सरकारी अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान की ऊर्जा सुविधाओं पर 5 दिन तक हमले रोकने के फैसले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए 9 अप्रैल की संभावित तारीख तय की है। इतना ही नहीं इस समझौता वार्ता के पाकिस्तान में होने की संभावना है।
बयान
इजरायली अधिकारी ने क्या दिया बयान?
इजरायली अखबार येदियोथ अहरोनोथ ने एक अज्ञात सरकारी अधिकारी के हवाले से लिखा, "वाशिंगटन ने युद्ध समाप्त करने के लिए 9 अप्रैल की तारीख तय की है, जिससे लड़ाई और बातचीत जारी रखने के लिए लगभग 21 दिन का समय मिलेगा।" अधिकारी ने इस मामले में आगे कहा, "9 अप्रैल को युद्ध समाप्त होने से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इजरायल पहुंचने और इजरायल पुरस्कार प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।"
वार्ता
क्या पाकिस्तान में होगी अमेरिका-ईरान समझौता वार्ता?
द टाइम्स ऑफ इजराइल ने एक अज्ञात इजरायली अधिकारी के हवाले से बताया कि मध्यस्थ देश इसी सप्ताह के अंत में अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक बैठक आयोजित करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इन चर्चाओं के बारे में या अमेरिका के ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गलिबाफ के साथ कथित संपर्कों के बारे में इजरायल को कोई जानकारी नहीं दी गई है, जिन्होंने संलिप्तता से दृढ़ता से इनकार किया है।
संवेदनशीलता
व्हाइट हाउस ने बताया संवेदनशील मामला
इस बीच, अमेरिकी व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि उन खबरों पर फिलहाल कुछ भी ठोस नहीं कहा जा सकता है जिनमें दावा किया गया है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस, शांति मिशन के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति ट्रंप के पूर्व वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर इस्लामाबाद में ईरानी अधिकारियों से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि ये संवेदनशील राजनयिक चर्चाएं हैं और अमेरिका प्रेस के माध्यम से बातचीत नहीं करेगा।
ऐलान
ट्रंप ने किया हमले रोकने का ऐलान
इससे पहले सोमवार को ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा था, 'मुझे खुशी है कि पिछले 2 दिनों में अमेरिका-ईरान के बीच आपसी दुश्मनी को खत्म करने के संबंध में बहुत अच्छी-सार्थक बातचीत हुई। इन गहरी, विस्तृत और रचनात्मक बातचीत को देखते हुए मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया कि वे ईरान के ऊर्जा संयंत्र और ऊर्जा ढांचे पर 5 दिनों के लिए सभी हमले टाल दें। यह फैसला चल रही बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगा।'
बयान
समझौते को लेकर क्या बोले थे ट्रंप?
हमले रोकने के ऐलान के बाद ट्रंप ने कहा था, "हमने ईरान के साथ बहुत मजबूत बातचीत की है। अगर वे अपने वादे पूरे करते हैं, तो संघर्ष समाप्त हो जाएगा। हम दोनों समझौता करना चाहते हैं।" उन्होंने कहा, "अमेरिका ईरानी शासन के शीर्ष व्यक्ति से बात कर रहा है, लेकिन वह सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई से नहीं है। मुझे लगता है कि सबसे सम्मानित और नेता हैं। हमने सबको बीच से हटा दिया है। जल्द ही सार्थक परिणाम आएंगे।"
खारिज
ईरान ने बातचीत की खबरों को बताया था फर्जी
ट्रंप के बयान के उलट ईरान ने बातचीत की खबरों को पूरी तरह से फर्जी करार दिया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गलिबाफ ने एक्स पर लिखा था, 'अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है। वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर करने और उस दलदल से बचने के लिए फर्जी खबरों का इस्तेमाल किया जा रहा है जिसमें अमेरिका और इजरायल फंसे हुए हैं। ईरानी जनता आक्रमणकारियों को पूर्ण और खेदजनक दंड देने की मांग करती है।'