Loading...
नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पूरी भारत यात्रा के दौरान क्यों नहीं उतारा काला चश्मा?
नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पूरी भारत यात्रा के दौरान नहीं उतारा काला चश्मा

नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पूरी भारत यात्रा के दौरान क्यों नहीं उतारा काला चश्मा?

लेखन गजेंद्र
Nov 23, 2026
07:42 pm

क्या है खबर?

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह 2 दिवसीय दौरे पर भारत आए हुए थे, जो सोमवार शाम को काठमांडू के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय बातचीत की। पूरे दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शाह अपनी आंखों पर काला चश्मा लगाए रहे। उच्च-स्तरीय बैठक में काला चश्मा पहनने से सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। आइए, काले चश्मे की वजह जानते हैं।

चश्मा

क्या प्रधानमंत्री बनने के बाद से चश्मा पहन रहे हैं बालेन?

बालेन नेपाल के प्रधानमंत्री बनने से पहले काठमांडू के मेयर थे और उससे पहले एक सफल रैपर रह चुके हैं।

वर्ष 2012 से रैप करियर के दौरान काला चश्मा उनका स्टाइल बन चुका था, जो 2022 में मेयर और मार्च 2026 में प्रधानमंत्री बनने तक उनके साथ है।

हालांकि, सार्वजनिक जीवन में उनके काला चश्मा पहनने के पीछे उनका सिग्नेचर स्टाइल माना जाता रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद काला चश्मा पहनने का कारण सामने आया था।

चश्मा

काला चश्मा क्यों पहनते हैं बालेन?

दरअसल, अगस्त 2026 में नेपाली संसद में बालेन के काला चश्मा पहनकर आने को लेकर विवाद हुआ और इस पर रोक लगाने की मांग उठी।

तब उनके कार्यालय ने काठमांडू के बिरेन्द्र मिलिट्री हॉस्पिटल के नेत्र विशेषज्ञ (डॉ सचित ढकाल) की एक मेडिकल रिपोर्ट पेश की।

इसमें लिखा था कि उन्हें अत्यधिक उजाले में देखने में असुविधा होती है और इसलिए सुरक्षात्मक काला चश्मा पहनना जरूरी है।

इसी मेडिकल ग्राउंड पर उन्हें संसद में चश्मा लगाने की अनुमति दी गई।

ADVERTISEMENT

समस्या

बालेन की आंखों में क्या समस्या है?

बालेन शाह की आंखों की समस्या और बीमारी को लेकर कोई रिपोर्ट सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आई है, लेकिन अगस्त में काठमांडू के अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने समस्या बताई।

नेपाली प्रधानमंत्री कार्यालय ने चिकित्सकों की जो रिपोर्ट संघीय संसद सचिवालय को सौंपी थी, जिसमें तेज रोशनी में देखने में असुविधा और सूखी आंख की समस्या बताई गई है।

बताया जा रहा है कि अत्यधिक तेज रोशनी से प्रधानमंत्री शाह के आंखों में सूजन भी आती है।

ADVERTISEMENT

चश्मा

बालेन शाह अपना चश्मा कब उतारते हैं?

सार्वजनिक तौर पर शाह को बिना काला चश्मा के कम देखा गया है। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, वे कई खास अवसरों पर चश्मा पहनते हैं, जबकि कैबिनेट बैठक, निजी बातचीत और संयुक्त बैठकों में चश्मा हटा होता है।

वे लोगों के बीच बिना चश्मे कम निकलते हैं। उनको मार्च 2026 को चुनाव प्रचार के दौरान बिना चश्मा देखा गया था।

जुलाई में हिंदू-मुस्लिम झड़प के दौरान और अगस्त में बाढ़ प्रभावित इलाकों में दौरे के समय बिना चश्मा दिखे थे।

रीति

और कौन वैश्विक नेता पहनते हैं काला चश्मा? 

अक्सर कई वैश्विक नेताओं को काला चश्मा पहने देखा गया है, लेकिन कूटनीतिक बैठकों में उनके चश्मे हमेशा उतरे रहे।

लीबिया के पूर्व प्रधानमंत्री मुअम्मर गद्दाफी अक्सर रात में भी काला चश्मा पहनते थे। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन भी कई मौकों पर काला चश्मा पहनते दिखे हैं।

जून 2021 में विंडसर महल में बाइडन क्वीन एलिजाबेथ से मिलते समय काला चश्मा पहने थे, जिस पर विवाद खड़ा हो गया था।

ADVERTISEMENT