मलेशिया ने भारतीयों के लिए क्यों बंद किया वीजा-मुक्त प्रवेश?
क्या है खबर?
मलेशिया भारतीयों के लिए 1 जनवरी, 2027 से वीजा-मुक्त प्रवेश बंद करने जा रहा है। यह सुविधा बंद होने के बाद भारतीयों को अब यात्रा के लिए वैध वीजा लेना जरूरी होगा। मलेशिया के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट (JIM) ने 17 नवंबर को जारी आधिकारिक नोटिस में कहा कि भारतीय नागरिकों के लिए मौजूदा मुफ्त वीजा छूट 2026 के आखिर में खत्म हो जाएगी। मलेशिया की सरकार ने यह निर्णय क्यों लिया और इसका पर्यटन पर क्या असर पड़ेगा? आइए, जानते हैं।
वीजा
मलेशिया के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने क्या कहा?
JIM ने जानकारी दी, "1 जनवरी, 2027 से भारतीय नागरिकों के लिए वीजा छूट की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसलिए, इस तारीख से मलेशिया में आने वाले भारतीय नागरिकों को आने से पहले वैलिड वीजा लेना होगा। वीजा एप्लीकेशन 1 दिसंबर 2026 से MyVISA पोर्टल के जरिए जमा किए जा सकते हैं।"
इस बदलाव के बाद 1 जनवरी से मलेशिया में आने वाले भारतीय नागरिकों के पास पहुंचने से पहले वैध वीजा होना चाहिए। पहुंचने पर कोई वीजा नहीं मिलेगा।
बदलाव
वीजा नियमों में नया बदलाव भी किया गया
JIM ने लंबित वीजा आवेदन के लिए एक नया नियम लागू किया है, जिसके तहत जो आवेदन 7 दिनो से अधिक नए आवेदन या लंबित भुगतान की स्थिति में रहेंगे, अपने आप रद्द हो जाएंगे।
जिन आवेदकों के आवेदन रद्दे हो चुके हैं, उन्हें अपडेटेड वीजा आवेदन फॉर्म का इस्तेमाल करके नया आवेदन फाइल करना होगा।
चाहे आवेदन स्वीकार हो या रद्द हो, नीति बदले या यात्रा योजना में बदलाव हो, वीजा प्रोसेसिंग फीस वापस नहीं होगी।
दिसंबर
इस दिसंबर तक मिलेगा मौका
मलेशियाई सरकार के मुताबिक, 31 दिसंबर 2026 तक 30-दिन की वीजा-फ्री एंट्री लागू रहेगी। 1 जनवरी से यात्रा के लिए MyVISA पोर्टल पर 1 दिसंबर, 2026 से वीजा आवेदन खुलेंगे।
मलेशिया ने 1 सितंबर, 2026 से, मल्टीपल-एंट्री वीजा (MEV) की उपलब्धता को 31 देशों तक सीमित कर दिया है।
ये वीजा अब सिर्फ बिजनेस, मेडिकल ट्रीटमेंट, विवाह पर्यटन और फ़्लाई-एंड-क्रूज ट्रैवल के लिए मिलेगा।
इसके अलावा, विदेशी यात्रियों को पूरे रहने के समय के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस लेना होगा।
वीजा
कोविड के बाद शुरू हुआ था एकतरफा वीजा-मुक्त प्रवेश
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने 1 दिसंबर 2023 से भारतीय और चीनी नागरिकों को 30 दिनों तक वीजा-फ्री प्रवेश देने की सुविधा दी थी।
यह अवधि शुरू में 31 दिसंबर 2024 तक थी। बाद में इसे बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 तक कर दिया गया, लेकिन अब इसे नहीं बढ़ाया गया है।
हालांकि, यह सुविधा भी एकतरफा थी, यानी सिर्फ भारतीय नागरिकों को मलेशिया जाने के लिए। मलेशियाई नागरिकों के लिए भारत में कोई नई फ्री वीजा सुविधा नहीं थी।
बंद
मलेशिया सरकार ने क्यों बंद की योजना?
दरअसल, वीजा-मुक्त प्रवेश शुरू होने के बाद काफी भारतीय नागरिक 30 दिन के पर्यटन के बहाने रोजगार की तलाश में मलेशिया जाने लगे थे।
इसको लेकर कुआलालंपुर में भारतीय उच्चायोग ने 22 सितंबर को निर्देश जारी किया था, जिसमें नौकरी की तलाश में आने वाले नागरिकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी की बात कही थी और चेतावनी दी थी।
दूसरा, यह सुविधा भी सिर्फ मलेशिया दे रहा था, भारत नहीं। इसलिए भी सुविधा बंद करने का कारण है।
पर्यटन
क्या पर्यटन पर पड़ेगा असर?
दिसंबर 2023 में वीजा-मुक्त सुविधा शुरू होने से पहले 7.73 लाख पर्यटक मलेशिया पहुंचे थे। यह संख्या 2024 में 13.65 लाख हो गई थी।
वर्ष 2025 में 15.65 लाख पर्यटक मलेशिया पहुंचे। इस साल जनवरी से जून तक 7.38 लाख पर्यटक पहुंचे हैं, दिसंबर तक लक्ष्य 21 लाख पर्यटकों का है।
भारत में यह सुविधा न होने से फर्क ज्यादा नहीं दिखा। वर्ष 2022 में 1.26 लाख मलेशियाई आए, जो 2023 में 2.62 लाख और 2024 में 3.07 लाख हुए।