ईरान खाड़ी क्षेत्र के डाटा सेंटर पर क्यों कर रहा हमला?
क्या है खबर?
ईरान युद्ध के कारण खाड़ी क्षेत्र के सभी डाटा सेंटर पर बड़ा खतरा मंडराता नजर आ रहा है। ईरान ने बीते कुछ दिनों में खाड़ी क्षेत्र के कई डाटा सेंटर को निशाना बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने ड्रोन हमलों के जरिए टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचाया है। अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) जैसी कंपनियों की सुविधाओं पर असर पड़ने से क्षेत्र में चिंता और बढ़ गई है।
वजह
ईरान क्यों कर रहा है ऐसे हमले?
विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान इन डाटा सेंटर को इसलिए निशाना बना रहा है, क्योंकि ये आधुनिक तकनीक और सैन्य सिस्टम के लिए बेहद अहम होते हैं। क्लाउड कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल अब सैन्य योजना और निगरानी में भी हो रहा है। ऐसे में ईरान का मानना है कि इन सुविधाओं को नुकसान पहुंचाकर वह उन सिस्टम को कमजोर कर सकता है, जो उसके खिलाफ इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
आशंका
बड़े स्तर पर क्या हो सकता है नुकसान?
इन हमलों का असर सिर्फ एक इमारत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे सिस्टम पर पड़ सकता है। डाटा सेंटर पर हमला होने से बैंकिंग, इंटरनेट सेवाएं और बड़े कारोबार प्रभावित हो सकते हैं। खाड़ी देशों में कई कंपनियां क्लाउड सिस्टम पर निर्भर हैं, इसलिए छोटी सी रुकावट भी बड़े आर्थिक नुकसान में बदल सकती है। इससे आम लोगों की सेवाएं भी बाधित हो सकती हैं और कई जरूरी काम ठप पड़ सकते हैं।
खतरा
टेक्नोलॉजी नेटवर्क पर बढ़ता खतरा
खाड़ी क्षेत्र अब दुनिया का बड़ा टेक्नोलॉजी हब बन चुका है, जहां माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और ऐपल जैसी कंपनियों ने बड़े पैमाने पर निवेश किया है। ऐसे में यहां हमले होने से ग्लोबल नेटवर्क, डिजिटल सर्विसेज और ऑनलाइन सिस्टम पर गंभीर असर पड़ सकता है। यह सिर्फ एक देश या कंपनी का मामला नहीं रह जाता, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेवाओं, डाटा सुरक्षा और आर्थिक गतिविधियों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
रणनीति
भविष्य में बदल सकती है रणनीति
इन घटनाओं के बाद कंपनियां अपनी रणनीति बदल सकती हैं। अब वे अलग-अलग जगहों पर बैकअप सिस्टम बनाकर जोखिम कम करने की कोशिश करेंगी। इसके साथ ही सुरक्षा बढ़ाने और डेटा को सुरक्षित रखने पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले समय में टेक कंपनियां ऐसे इलाकों को प्राथमिकता देंगी जहां सुरक्षा ज्यादा मजबूत हो, ताकि इस तरह के हमलों से बचा जा सके और सेवाएं लगातार जारी रह सकें।