कौन है ट्रंप के ड्रोन विशेषज्ञ सेना सचिव, जिन्होंने हेगसेथ से विवाद के कारण इस्तीफा दिया?
क्या है खबर?
अमेरिका में रक्षा विभाग के प्रमुख पीट हेगसेथ के साथ उनके अधिकारियों और सैन्य कमांडरों के मतभेद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब अमेरिकी सेना के सचिव डैन ड्रिस्कॉल ने महीनों के तनाव के बाद व्हाइट हाउस को अपना इस्तीफा सौंप दिया। हेगसेथ के पेंटागन में ड्रिस्कॉल, पद से हटाए जाने वाले वरिष्ठ अधिकारियों की सूची में नवीनतम नाम हैं। ड्रिस्कॉल को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ड्रोन विशेषज्ञ भी कहते हैं। उन्होंने क्यों इस्तीफा दिया? आइए, जानते हैं।
इस्तीफा
18 महीने से पद पर थे उपराष्ट्रपति जेडी वेन्स के करीबी ड्रिस्कॉल
ड्रिस्कॉल (41 वर्ष) अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के करीबी हैं। वह करीब 18 महीने से पद पर थे। उनको अक्सर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'ड्रोन विशेषज्ञ' के रूप में जाना जाता है।
नाम न छापने की शर्त पर एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि हेगसेथ ड्रिस्कॉल को नौकरशाही के भीतर एक खतरा मानते थे और उन्हें लंबे समय से हटाना चाहते थे।
लेकिन वेंस के साथ उनके संबंधों के कारण हेगसेथ के लिए ऐसा करना मुश्किल हो गया था।
पहचान
कौन हैं ड्रिस्कॉल?
अमेरिकी सेना के सर्वोच्च नागरिक नेता का पद सेना सचिव का होता है, जो सक्रिय सैनिकों के साथ-साथ नेशनल गार्ड और रिजर्व सैनिकों का निर्देशन करता है।
ड्रिस्कॉल 2007 में एक सैन्य अधिकारी थे। उन्होंने एक घुड़सवार प्लाटून का नेतृत्व किया और 2009 में इराक में तैनात रहे। वह ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स के कार्यवाहक निदेशक रहे।
सेना सचिव के रूप में युद्धक्षेत्र प्रौद्योगिकियों को अपनाने के कारण वह ट्रंप के ड्रोन विशेषज्ञ बन गए थे।
पद
ट्रंप ने ड्रिस्कॉल को यूक्रेन युद्ध मध्यस्थता के लिए चुना था
रॉयटर्स के मुताबिक, ड्रिस्कॉल को पेंटागन के बाहर तब पहचान मिली, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए मॉस्को-कीव के साथ बातचीत में भाग लेने के लिए चुना।
यह एक सेना सचिव के लिए दुर्लभ राजनयिक कार्य था।
उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रुबियो, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर के साथ जिनेवा में यूक्रेनी अधिकारियों के साथ चर्चा में भाग लिया और शांति ढांचा तैयार करने में मदद की थी।
विवाद
हेगसेथ से ड्रिस्कॉल का क्या विवाद था?
हेगसेथ और ड्रिस्कॉल के बीच विवाद किसी एक बात को लेकर नहीं था, बल्कि कई ऐसे मुद्दे थे, जिसमें वे आमने-सामने आ गए थे।
अप्रैल में, हेगसेथ ने अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ रैंडी जॉर्ज को बर्खास्त कर दिया, जिससे ड्रिस्कॉल को धक्का लगा था।
ड्रिस्कॉल-जॉर्ज करीबी दोस्त थे और इससे ड्रिस्कॉल की हेगसेथ के प्रति निराशा बढ़ गई थी और व्यक्तिगत तौर पर हेगसेथ से रिश्ते खराब हुए थे।
ड्रिस्कॉल रक्षा ठेकेदारों की कार्यप्रणाली के आलोचक भी थे।
नाराजगी
हेगसेथ के रक्षा सचिव बनने के बाद पेंटागन में नाराजगी की बाढ़
हेगसेथ ने 25 जनवरी, 2025 को अमेरिका के रक्षा सचिव के रूप में पदभार संभाला और इसके बाद से ही पेंटागन में इस्तीफा देने वाले, जबरन हटाए जाने वाले अधिकारियों की बाढ़ आ गई।
अब तक 2 अधिकारियों ने स्वैच्छिक रूप से पद छोड़ा है, जबकि 20 से अधिक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी स्पष्ट रूप से जबरन हटाए गए हैं।
बड़े नामों में जॉर्ज, सेना के जनरल डेविड होडने, मेजर जनरल विलियम ग्रीन, नौसेना संचालन प्रमुख, वायुसेना उप-प्रमुख शामिल हैं।