Page Loader
कौन हैं कशिश चौधरी, जिन्हें बनाया गया बलूचिस्तान की पहली हिंदू सहायक आयुक्त?
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में कशिश चौधरी पहली हिंदू सहायक आयुक्त

कौन हैं कशिश चौधरी, जिन्हें बनाया गया बलूचिस्तान की पहली हिंदू सहायक आयुक्त?

लेखन गजेंद्र
May 14, 2025
02:36 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में पहली बार किसी अल्पसंख्यक हिंदू को सहायक आयुक्त के पद पर बैठाया गया है, जिनका नाम कशिश चौधरी है। मात्र 25 साल की उम्र में बलूचिस्तान लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा पास करने वाली कशिश, चागई जिले के नोशकी कस्बे से आती हैं, जो क्षेत्रफल के हिसाब से पाकिस्तान का सबसे बड़ा जिला है। आइए जानते हैं, कौन हैं अल्पसंख्यक समुदाय से पहली बार इस पद पर पहुंचने वाली कशिश।

पहचान

परीक्षा पास करने में 3 साल का समय लगा

कशिश का परिवार एक साधारण मध्यम वर्गीय परिवार है। उनके पिता गिरधारी लाल एक व्यापारी हैं। वह अपने परिवार में पहली महिला अधिकारी हैं। उन्होंने BPSC की परीक्षा पास करने के बाद पाकिस्तानी मीडिया को बताया था कि उन्हें यह परीक्षा उत्तीर्ण करने में 3 साल का समय लगा, वह रोजाना 8 घंटे पढ़ाई करती थीं। कशिश के पिता ने बताया कि उनकी बेटी हमेशा से पढ़ाई करने और महिलाओं के लिए कुछ करने का सपना देखती थीं।

मुलाकात

घर की सबसे बड़ी बेटी हैं कशिश

कशिश ने सोमवार को बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगाती से मुलाकात की थी। उनके साथ पिता गिरधारी लाल भी गए थे। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि कशिश गिरधारी लाल की सबसे बड़ी बेटी हैं। इनके अलावा 2 बेटे और एक अन्य बेटी है। सभी पढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री बुगाती ने कशिश को देश और बलूचिस्तान के लिए गर्व का प्रतीक बताया और अल्पसंख्यक समुदायों के लिए एक रोशनी बताई।

कठिन

पाकिस्तान में आसान नहीं है महिलाओं का आगे बढ़ना

पाकिस्तान में पुरुषवादी सोच हावी है, जिससे इस तरह के अधिकतर पदों और क्षेत्रों में पुरुषों का बोलबाला रहा है। यहां महिलाओं को महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचने के लिए सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक चुनौतियां उठानी पड़ती हैं। कशिश से पहले मनेश रोपेटा 2022 में कराची में पुलिस अधीक्षक नियुक्त होने वाली हिंदू महिला हैं। उनके अलावा 35 वर्षीय पुष्पा कुमारी कोहली कराची में बतौर पुलिस उप-निरीक्षक हैं। सिंध प्रांत की सुमन पवन बोदानी 2019 में पहली सिविल जज बनी थीं।

जानकारी

पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समूह

पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समूह है। यहां की 24 करोड़ की आबादी में लगभग 75 लाख हिंदू हैं। सिंध में हिंदू आबादी सबसे ज्यादा है और यहां आए दिन अपहरण और जबरन धर्म-परिवर्तन होते हैं।

ट्विटर पोस्ट

मुख्यमंत्री कार्यालय ने साझा किया वीडियो