वेनेजुएला में आए भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 165 हुई, 1,000 लोग घायल
क्या है खबर?
वेनेजुएला में एक के बाद एक आए 2 विनाशकारी भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 164 हो गई है। प्राकृतिक आपदा में कम से कम 1,000 लोग घायल हुए हैं। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने गुरुवार सुबह जानकारी देते हुए बताया कि क्षतिग्रस्त इमारतों में दबे होने से वास्तविक मृतकों की संख्या काफी अधिक हो सकती है। रोड्रिगेज ने बताया कि 2 मुख्य भूकंपों के बाद भी 30 झटके महसूस किए गए थे। बचाव और खोज अभियान जारी है।
भूकंप
बिजली आपूर्ति बाधित, कारोबार ठप
वेनेजुएला में भूकंप की वजह से शेयर बाजार में दिन भर के लिए ट्रेडिंग रोक दी गई है और प्रमुख बाजार भी बंद पड़े हैं। रोड्रिगेज ने बताया कि आपदा के बाद क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे, अस्पतालों और आवासों के पुनर्निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से प्राप्त संसाधनों का उपयोग करके 20 करोड़ डॉलर (करीब 1,720 करोड़ रुपये) का प्रारंभिक कोष बनाया जाएगा। अभी भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है। लोग अभी भी दहशत में हैं।
संदेश
अंतराष्ट्रीय नेता मदद की पेशकश कर रहे
वेनेजुएला में गुरुवार तड़के राजधानी कराकस से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में 7.1 तीव्रता का और उससे कुछ मिनट बाद मोरोन शहर के दक्षिण-पश्चिम में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया है। भूकंप की वजह से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। कई इमारतें पूरी तरह ढह गई हैं, जबकि कुछ क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोग अब भी मलबों के नीचे से चिल्ला रहे हैं। भारत, चीन, फ्रांस, इटली और अमेरिका समेत कई देशों ने मदद की पेशकश की है।