ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी युद्धपोत में लगी आग, नुकसान से गिरा सेना का मनोबल
क्या है खबर?
ईरान के साथ युद्ध के बीच दुनिया के सबसे बड़े और ताकतवर अमेरिकी विमानवाहक पोत USS गेराल्ड आर. फोर्ड को भारी क्षति पहुंची है। द गार्डियन के मुताबिक, गेराल्ड आर फोर्ड पर लगी आग और इससे पहुंचे नुकसान के बाद उसे वापस मरम्मत के लिए क्रीट के लिए रवाना किया जाएगा। करीब 9 महीनों से लाल सागर में स्थित इस विमानवाहक पोत को हुए नुकसान से इसके चालक दल के सदस्यों का मनोबल भी गिरा है।
जहाज
हमले के बाद हालात खराब
रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज के मुख्य कपड़े धोने वाले क्षेत्र में आग लगने के बाद करीब 200 नाविक धुएं से बीमार हो गए। उन्हें उपचारित किया गया है। आग पर काबू पाने में घंटों लग गए और इससे लगभग 100 बिस्तर जल गए। 4,000 से अधिक नाविकों के दल वाले इस विमानवाहक पोत का शौचालय समुद्र में रहते हुए खराब हो गया है। जहाज पर शौचालयों के जाम होने से उसके प्रयोग के लिए नाविक लंबी कतार लगा रहे हैं।
खराब
हर बार खराब हो रहा शौचालय
यह पहली बार नहीं है, जब 1.21 लाख करोड़ रुपये के युद्धपोत में शौचालय की समस्या आई हो। अमेरिकी सरकारी जवाबदेही कार्यालय की 2020 की एक रिपोर्ट में इसके शौचालय की खराबी की जानकारी दी गई थी। बताया गया कि यह बार-बार जाम हो जाता है, जिसके लिए नियमित तेजाबी फ्लश की जरूरत पड़ती है और 3.71 करोड़ रुपये का खर्चा आता है। सीनेट इंटेलिजेंस कमेटी के उपाध्यक्ष सीनेटर मार्क वार्नर ने जहाज की विस्तारित तैनाती की आलोचना की है।
जानकारी
12 मार्च को लगी थी युद्धपोत में आग
मध्य पूर्व में तैनाती के बीच 12 मार्च को युद्धपोत के एक भाग में आग लगी थी। हालांकि, यह किसी मिसाइल या ड्रोन हमले से नहीं थी। तैनाती से पहले पोत ने मादक पदार्थों की तस्करी वाली नौकाएं और वेनेजुएला तख्तापलट में भाग लिया था।
ताकत
कितना ताकतवर है USS गेराल्ड आर फोर्ड?
USS गेराल्ड आर. फोर्ड दुनिया का सबसे उन्नत और महंगा विमानवाहक पोत है। इसकी कीमत करीब 1.21 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इसकी लंबाई करीब 1,106 फीट यानी 337 मीटर और फ्लाइट डेक चौड़ाई 78 मीटर है। यानी अगर इसे लंबा खड़ा किया जाए तो यह एफिल टॉवर (330 मीटर) से लंबा होगा। इसमें 75-90 लड़ाकू विमान एकसाथ रखे जा सकते हैं। बेहतर रडार सिस्टम है, परमाणु ऊर्जा से चलता है और 160 से अधिक उड़ान संचालित करता है।