अमेरिका: इडाहो के बर्गर रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना, हमलावर समेत 3 की मौत
क्या है खबर?
अमेरिका के दक्षिणी इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में एक बेहद दर्दनाक गोलीबारी की घटना सामने आई है। वहां शनिवार (1 अगस्त 2026) दोपहर एक व्यस्त फास्ट-फूड रेस्टोरेंट में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में हमलावर समेत 3 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण हमला नवनिर्मित 'इन-एन-आउट बर्गर' रेस्टोरेंट में दोपहर करीब 2:00 बजे हुआ, जो महज एक हफ्ते पहले 24 जुलाई को ही खुला था।
हालात
पार्किंग में मिला महलावर का शव
ट्विन फॉल्स शहर के प्रवक्ता जोश पामर और पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी अभियान के दौरान रेस्टोरेंट के पास ही संदिग्ध हमलावर का शव बरामद किया गया है।
पुलिस का मानना है कि अब समुदाय के लिए कोई खतरा नहीं है। हालांकि, हमलावर की पहचान और इस हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
मंजर
चश्मदीदों ने बयां किया खौफनाक मंजर
घटना के वक्त रेस्टोरेंट एक व्यस्त शॉपिंग प्लाजा में होने के कारण वहां सैकड़ों लोग मौजूद थे।
एक चश्मदीद लेन कोहेन ने बताया कि उन्होंने AR-स्टाइल राइफल लिए एक शख्स को आते देखा, जिसके बाद वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने आत्मरक्षा में अपनी पिस्टल से शूटर पर फायरिंग शुरू कर दी।
कोहेन ने बताया कि उन्होंने रेस्टोरेंट की वर्दी पहने एक कर्मचारी को अपनी एक महिला सहकर्मी को पार्किंग में घसीटते देखा, जिसके सीने में गोली लगी थी।
भगदड़
हमले के बाद मची भगदड़
रेस्टोरेंट में मौजूद न्येली रोड्रिगेज ने बताया कि रसोई की तरफ से गोलियों की आवाज आते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
कर्मचारियों ने तुरंत ग्राहकों को नीचे झुकने को कहा और लोग जान बचाने के लिए बदहवास होकर भागने लगे। सभी घायल लोगों को तुरंत इलाज के लिए सेंट ल्यूक्स मैजिक वैली मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत बेहद गंभीर है।
अस्पताल प्रशासन आपातकालीन स्थिति को संभालने में जुटा है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
⚠️ SENSITIVE CONTENT ⚠️ #BREAKING – Twin Falls, Idaho
— SLCScanner (@SLCScanner) August 1, 2026
Active shooter incident reported this afternoon near the In-N-Out on Blue Lakes Blvd North.
Twin Falls PD, ISP, and multiple surrounding agencies responded. Perrine Bridge and surrounding roads were shut down while the area… pic.twitter.com/oiIWc1NToz