अमेरिका का दावा- इजरायल और हिज्बुल्लाह आज से युद्ध विराम पर सहमत
क्या है खबर?
अमेरिका के एक अधिकारी ने दावा किया है कि इजरायल और लेबनान में ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह शुक्रवार से युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हिज़्बुल्लाह और इजरायल युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिका और कतर के वार्ताकारों ने ईरान की मदद से दोनों के बीच यह समझौता कराया है। अभी तक इजरायल और लेबनान ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
युद्ध
ईरान और इजरायल भड़के
इजरायल के हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इजरायल पर "स्थायी युद्ध" चाहने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक्स पर इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन गिवीर का बयान साझा कर कहा, "यह किसी नरसंहारवादी पागल की बकवास नहीं है। यह इजरायली शासन के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री का सार्वजनिक बयान है। तेल अवीव में मुख्यालय वाला यह नरसंहारवादी संगठन पूरी मानवता और सभी मनुष्यों के लिए खतरा है। इसका एकमात्र उद्देश्य निरंतर युद्ध है।"
युद्ध
एक-दूसरे पर हमले का आरोप
अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने के बाद भी लेबनान और हिज्बुल्लाह के बीच हमले जारी है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इजरायल द्वारा रात भर किए गए सिलसिलेवार हवाई हमलों के बाद दक्षिणी लेबनान में कम से कम 18 लोग मारे गए हैं। वहीं, इजरायली सेना का कहना है कि उसके 4 सैनिक हिज्बुल्लाह के हमले में मारे गए हैं। इसके बाद उसने 80 ठिकानों पर हमला किया है।