अमेरिका अब ईरान पर और हमला नहीं करेगा, दूसरी तरह से दबाव बनाएगा- मार्को रुबियो
क्या है खबर?
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने हाल में अपने कई विदेशी समकक्षों को बताया कि अमेरिका फिलहाल ईरान के खिलाफ नए हमले नहीं करेगा। एक्सियोस के मुताबिक, रुबियो ने यह बात अपने कई समकक्षों के साथ फोन पर की, जिसमें अमेरिका की ईरान पर वर्तमान नीति को बताया गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन तेहरान के खिलाफ नए तरह का दबाव बना रहा है, जिसमें नए आर्थिक प्रतिबंध और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास नौसेना नाकाबंदी शामिल है।
हमला
ईरान के हमला करने पर शांत नहीं रहेंगे
रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि रुबियो ने स्पष्ट कर दिया है कि अमेरिका युद्ध अभियानों में लौटने की योजना नहीं बना रहा, लेकिन ईरान हमला करता है तो शांत नहीं रहा जाएगा।
अधिकारी ने कहा कि अमेरिकी नौसेना द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगों को हटाना युद्ध में एक महत्वपूर्ण मोड़ है, जिससे ईरान काफी हद तक निष्क्रिय हुआ है।
अधिकारी ने कहा कि यह नीति मध्यावधि चुनावों के बाद तक जारी रह सकती है।
बयान
ईरान का प्रभाव हुआ कम
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के अधिकांश हिस्से से बारूदी सुरंगों हटाने और जलडमरूमध्य के दक्षिणी मार्ग से टैंकरों की आवाजाही से वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर ईरान का प्रभाव कम हुआ है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने बताया कि ईरानी अर्थव्यवस्था तेजी से गिर रही है और शासन की सेना पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है, अब शासन के पास बची वित्तीय सहायता को खत्म किया जा रहा है।
बातचीत
कहां तक पहुंची अमेरिका और ईरान की बातचीत?
अमेरिका और ईरान की मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर रविवार को ईरानी नेतृत्व के साथ वार्ता के लिए तेहरान में थे।
मुनीर ने यात्रा से पहले ट्रंप से बात की और ईरानियों के लिए एक नया प्रस्ताव रखा। हालांकि, व्हाइट हाउस का कहना है कि उसकी ईरान के साथ अभी कोई बातचीत नहीं चल रही है।
अमेरिका ईरान पर बातचीत की मेज पर आने के लिए दबाव बना रहा है।