डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम से पहले गोल्फ कोर्स के पास अवैध हथियार के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
क्या है खबर?
अमेरिका के कैलिफोर्निया में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के गोल्फ कोर्स के पास एक 38 वर्षीय व्यक्ति को अवैध पिस्तौल और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। लॉस एंजिल्स शेरिफ विभाग ने बताया गिरफ्तार आरोपी जीनिन जॉन टैले को गोल्फ कोर्स के मैदान में घूमते हुए, तस्वीरें और वीडियो लेते हुए और सुरक्षा-योजना संबंधी गतिविधियों की निगरानी करते हुए देखा गया था। उसके घर की तलाशी में हथियारों का जखीरा, बॉडी आर्मर और 'चिंताजनक बयान' लिखे नोटबुक मिले हैं।
दौरा
कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे ट्रंप
यह गिरफ्तारी ऐसे समय पर हुई है, जब ट्रंप कैलिफोर्निया में हैं और मंगलवार को लॉस एंजिल्स के उपनगर रैंचो पालोस वर्डेस में ट्रंप नेशनल गोल्फ कोर्स में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के चंदा जुटाने वाले कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।
ट्रंप के कार्यक्रम से पहले इस तरह की गिरफ्तारी ने खुफिया एजेंसियों को चिंता में डाल दिया है।
हालांकि, इस बात का कोई संकेत नहीं कि आरोपी राष्ट्रपति पर हमले की साजिश रच रहा था, लेकिन जांच जारी है।
जांच
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
शेरिफ विभाग ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यक्रम से पहले सादे कपड़ों में संघीय एजेंटों ने रविवार को स्थानीय अधिकारियों को एक संदिग्ध व्यक्ति की सूचना दी थी।
जब पुलिस ने व्यक्ति से पूछताछ शुरू की तो पता चला कि एल सेगुंडो पुलिस विभाग एक डकैती के सिलसिले में उसकी तलाश कर रही थी।
अधिकारियों को तलाशी में उसके पास से 16 गोलियों की मैगजीन, गोल्फ कोर्स पर खड़ी उसकी गाड़ी में भरी हुई पिस्तौल और मैगजीन मिली।
तलाशी
घर से भी हथियार बरामद
BBC के मुताबिक, संदिग्ध के लॉस एंजिल्स क्षेत्र के डाउनी में स्थित घर पर संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के संयुक्त आतंकवाद कार्य बल और लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग के प्रमुख अपराध ब्यूरो ने छापा पारा था।
शेरिफ विभाग ने बताया कि उसके घर में एक अवैध रूप से संशोधित एआर प्लेटफॉर्म राइफल, एक .45 पिस्तौल, बॉडी आर्मर, उच्च क्षमता वाली मैगज़ीन, पिस्तौल और राइफल के लिए ढेर सारी गोलियां और कई नोटबुक मिले हैं।
आरोप
कई मामले में आरोपी है पकड़ा गया व्यक्ति
गिरफ्तार संदिग्ध पर द्वितीय श्रेणी की डकैती के साथ 3 अन्य आरोप भी हैं, जो मैगज़ीन रखने, वाहन में आग्नेयास्त्र रखने और छोटी बैरल वाली राइफल रखने से संबंधित हैं।
लॉस एंजिल्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय ने बताया कि टैले ने मंगलवार को 4 आरोपों में खुद को निर्दोष बताया हैं।
कोर्ट ने उसकी जमानत राशि 2.50 लाख डॉलर (करीब 2.37 करोड़ रुपये) तय की और हथियार न रखने, राष्ट्रपति के गोल्फ क्लब से दूर रहने का आदेश दिया है।
साजिश
ट्रंप पर कई बार हमले की साजिश
राष्ट्रपति ट्रंप पर 13 जुलाई, 2024 को पेंसिल्वेनिया के बटलर में चुनावी रैली के दौरान गोली चलाई गई थी, जिसमें गोली उनके कान को छूकर निकल गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
इसके बाद 15 सितंबर, 2024 को फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच पर गोल्फ कोर्स के पास एक व्यक्ति हथियार के साथ छिपा मिला था।
हाल में 25 अप्रैल, 2026 को व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान गोली चली थी, जिसमें सभी सुरक्षित बाहर निकल गए।