Loading...
अमेरिका का छठे दिन ईरान पर हमला जारी, पुल, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों पर बमबारी
अमेरिका ने ईरान के पुल, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों पर बमबारी की

अमेरिका का छठे दिन ईरान पर हमला जारी, पुल, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डों पर बमबारी

लेखन गजेंद्र
Jul 17, 2026
09:00 am

क्या है खबर?

अमेरिका का ईरान पर लगातार छठे दिन हमला जारी है। अब उसने तेहरान के बुनियादी ढांचों को निशाना बनाना शुरू किया है। शुक्रवार तड़के दक्षिणी ईरान के 5 पुलों पर हमला हुआ। इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों पर भी बमबारी की गई। ईरानी मीडिया ने भी परिवहन और संचार बुनियादी ढांचे के साथ-साथ नागरिक क्षेत्रों को हुए नुकसान की पुष्टि की है। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने बताया कि मध्य-पूर्व में 50,000 से ज़्यादा अमेरिकी सैनिक तैनात हैं।

हमला

लड़ाकू विमान, एरियल ड्रोन और युद्धपोतों से हमला

CENTCOM ने बयान जारी कर बताया कि अमेरिकी सेना ने लड़ाकू विमान, एरियल ड्रोन और युद्धपोतों का इस्तेमाल करके सटीक निशाना लगाने वाले हथियार दागे।

हमलों में ईरान के दर्जनों सैन्य ठिकानों, जिसमें तटीय निगरानी और एयर डिफेंस साइट, सैन्य लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर और समुद्री क्षमताओं को नुकसान पहुंचा है।

कमान ने कहा, "ईरान के खिलाफ अमेरिकी के हमलों की यह लगातार छठी रात थी। सेना वाणिज्यिक जहाजों पर हालिया हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहरा रहा है।"

तनाव

पुल, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे के पास बमबारी

ईरान के सरकारी समाचार चैनल IRIB ने बताया कि दक्षिणपूर्वी ईरान के ईरानशहर हवाई अड्डे के पास विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिनमें सेएक अमेरिकी मिसाइल हवाई अड्डे से टकराई।

तसनीम समाचार एजेंसी ने यह भी बताया कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने हवाई अड्डे पर मिसाइल हमला किया है।

बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में एक रेलवे स्टेशन पर हमला हुआ, जिसमें 2 कर्मचारी घायल हो गए। बंदर अब्बास रेलवे जंक्शन स्टेशन को भी निशाना बनाया गया था।

ADVERTISEMENT

हमला

होर्मोजगान प्रांत में 2 पुलों पर हमला

ईरानी अधिकारियों ने बंदर खमीर के पास होर्मोजगान प्रांत में 2 पुलों पर हमले की भी सूचना दी है। हमलों में 2 लोग मारे गए हैं, जबकि क्षति के कारण बंदर अब्बास, खमीर और लार को जोड़ने वाले परिवहन मार्ग बंद कर दिया है।

केशम द्वीप सहित कई अन्य स्थानों पर विस्फोटों की सूचना मिली है। बुशहर और अहवाज में भी विस्फोट हुए हैं।

बंदर अब्बास में एक संचार टावर को निशाना बनाया गया, जिससे बिजली गुल हो गई।

ADVERTISEMENT

बयान

व्हाइट हाउस ने कहा- ईरान लगातार बाचतीत कर रहा है

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ईरान लगातार अमेरिका से बातचीत कर रहा है और कह रहा है कि वह समझौता करना चाहते हैं क्योंकि उन्हें हमारी अमेरिकी सेना से भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

लेविट ने कहा कि ईरान ने समझौता ज्ञापन का उल्लंघन किया है, इसलिए उस पर हमले हो रहे हैं, ईरान को समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हमला नहीं करना था।

चेतावनी

ट्रंप दे चुके थे बुनियादी ढांचों को निशाना बनाने की चेतावनी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को फॉक्स न्यूज से बात करते हुए कहा था कि अगर ईरान बातचीत के लिए सहमत नहीं होगा तो उसके बुनियादी ढांचों पर हमला किया जाएगा।

ट्रंप ने ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले की बात कही थी और छठी रात को अमेरिकी सेना ने इन जगहों को निशाना बनाकर हमले शुरू कर दिए हैं।

ADVERTISEMENT