होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिका का अपाचे हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, दोनों पायलट सुरक्षित
क्या है खबर?
अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलीकॉप्टर ईरान नियंत्रित होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, हेलीकॉप्टर में सवार चालक दल के दोनों सदस्य सुरक्षित हैं। घटना की पुष्टि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तब की, जब वे जॉन एफ कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स ने हादसे की रिपोर्ट प्रकाशित की थी। हेलीकॉप्टर किसी हमले की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ या फिर तकनीकी खराबी थी, इसका खुलासा नहीं हुआ है।
हादसा
अमेरिकी सेना और रक्षा विभाग ने नहीं दिया कोई जवाब
न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि ईरान द्वारा होर्मुज पर नियंत्रण के बाद अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी की है, जिसके लिए अपाचे हेलीकॉप्टर, लड़ाकू विमान और ड्रोन तैनात किए गए हैं। रिपोर्ट में दावा किया है कि अगर अपाचे को ईरानी हमले में गिराया गया है तो यह पहली बार है, इससे पहले ईरान 30 MQ-9 रीपर ड्रोन को गिरा चुका है। अमेरिकी सेना के केंद्रीय कमान और अमेरिकी रक्षा विभाग ने घटना पर कोई जवाब नहीं दिया है।
हमला
अमेरिकी सेना ने तेल टैंकर को निशाना बनाया
हेलीकॉप्टर दुर्घटना से पहले अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर को निष्क्रिय कर दिया है। उसका दावा था कि यह पोत ईरान जाने की कोशिश कर रहा था। तभी सेना ने उसके इंजीनियरिंग और स्टीयरिंग क्षेत्रों में सटीक गोलाबारी की, जिससे आग लग गई। हमले के समय इसी जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया।