अमेरिका और ईरान की दोहा में बातचीत सफल, रुकी धनराशि जारी करने और हॉटलाइन पर सहमति
क्या है खबर?
कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत में सफलता प्रगति देखने को मिली है। दोनों देशों ने ईरान की रुकी हुई 3 अरब डॉलर (करीब 28,540 करोड़ रुपये) की धनराशि जारी करने और 14 सूत्रीय हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MoU) के उल्लंघन की रिपोर्ट करने के लिए एक 'हॉटलाइन' स्थापित करने पर सहमति जताई है। इस बातचीत में कतर और पाकिस्तान भी मध्यस्थ के रूप में शामिल रहा।
बातचीत
अलग-अलग हुई बातचीत
यह बातचीत 60-दिवसीय MoU को लागू करने के उद्देश्य से चल रही गहन 'तकनीकी वार्ता' का हिस्सा है। इस दौरान, दोनों पक्षों ने अलग-अलग बैठक की थी। ईरान से उपविदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी, केंद्रीय बैंक और कृषि मंत्रालय के अधिकारी और अमेरिका से जेरेड कुशनर और व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ सहित कई उच्च पदस्थ अधिकारी आए थे। ईरानी टीम ने पाकिस्तानी मध्यस्थों से सीधे मुलाकात की और अमेरिकी टीम ने कतरी मध्यस्थों से अलग से बातचीत की।
समझौता
3 अरब डॉलर को कैसे उपयोग में लाएगा ईरान?
अमेरिका ने ईरान के प्रतिबंधित तेल राजस्व के 6 अरब डॉलर का आंशिक हिस्सा 3 अरब डॉलर जारी किया है। ये धनराशि, मूलरूप से अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत दक्षिण कोरियाई बैंकों में जमा थी। इसे 2023 में कतर केंद्रीय बैंक भेजा गया, लेकिन क्षेत्रीय संघर्ष के कारण फिर जमा कर दिया गया। ग़रीबाबादी ने बताया कि बाकी धीरे-धीरे धनराशि जारी होगी, जो सख्त मानवीय सुरक्षा उपायों के अधीन रहेगी। धनराशि को भोजन, दवा और वैश्विक व्यापार वस्तुओं पर खर्च करेंगे।
संचार
क्या है ईरान और अमेरिका के बीच नया संचार चैनल?
दोनों पक्षों ने वित्तीय पहलू के अलावा नाजुक अंतरिम युद्धविराम के प्रबंधन के लिए एक समर्पित संचार चैनल स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की है। इसका उद्देश्य समझौता ज्ञापन के उल्लंघनों को तुरंत दर्ज करना और उनका समाधान करना है, जिससे स्थानीय झड़पों को राजनयिक प्रगति में बाधा डालने से रोका जा सके। अमेरिका का मुख्य एजेंडा होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करना है, जहां ईरान ने हाल में नियामक पारगमन शुल्क और मार्ग प्रतिबंध लागू करने का प्रयास किया है।
बातचीत
खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद फिर होगी बातचीत
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने बताया कि बैठकों में 'इस्लामाबाद MoU' से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति हुई, जो 'लेक ल्यूसर्न समिट' के नतीजों पर आधारित थी। असंरी ने बताया कि सक्षी पक्ष आगे भी बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं और अगली बैठक ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद तय होगी। खामेनेई का अंतिम संस्कार समारोह 4 जुलाई से 9 जुलाई के बीच मनाया जाएगा।
सराहना
ट्रंप की सराहना, लेबनान पर भी बातचीत
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी बातचीत में प्रगति की सराहना करते हुए कहा, "दोहा में बहुत अच्छी बैठकें हुईं। जहां तक स्थिति का सवाल है, ईरान का परमाणु निरस्त्रीकरण अच्छी तरह से आगे बढ़ रहा है।" बैठक में ईरान ने इजरायल पर लेबनान में अपनी सेनाएं तैनात करके समझौता ज्ञापन के कार्यान्वयन में बाधा डालने का आरोप लगाया है। ईरान ने मध्यस्थों से कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान और ओमान की संप्रभुता के अंतर्गत आता है।