गाजा में युद्धविराम के बाद पहली बार अमेरिका और हमास के बीच बातचीत
क्या है खबर?
फिलिस्तीन के गाजा में इजरायल के साथ सशस्त्र समूह हमास का युद्धविराम होने के बाद पहली बार अमेरिका और हमास के बीच बातचीत हुई है। CNN के मुताबिक, यह बातचीत अमेरिका की मध्यस्थता से हुए नाजुक समझौते को आगे बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा थी। बातचीत के लिए वरिष्ठ अमेरिकी सलाहकार आर्य लाइटस्टोन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार रात काहिरा में हमास के मुख्य वार्ताकार खलील अल-हय्या से मुलाकात की थी।
बातचीत
अल-हय्या ने मानवीय सहायता पर जोर दिया
रिपोर्ट के मुताबिक, लाइटस्टोन के साथ गाजा के लिए अमेरिकी समर्थित बोर्ड ऑफ पीस के उच्च प्रतिनिधि निकोले म्लादेनोव भी थे। बताया जा रहा है कि अल-हय्या ने लाइटस्टोन पर दबाव डाला कि इजरायल को समझौते के पहले चरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरी तरह से लागू करना चाहिए। उन्होंने हमलों को समाप्त करने और अधिक मानवीय सहायता बढ़ाने की बात कही, ताकि अगले चरण में आगे बढ़ा जा सके। अल-हय्या इजरायली हत्या के प्रयास में बच चुके हैं।
युद्ध
पिछले साल अक्टूबर में लागू हुआ है युद्धविराम
पिछले साल अक्टूबर में अमेरिकी मध्यस्थता से हुए युद्धविराम ने गाजा में 2 साल से चल रहे युद्ध का अंत कर दिया। हमास ने गाजा के उस हिस्से पर अपना नियंत्रण फिर से स्थापित कर लिया है जिस पर इजरायल का कब्जा नहीं है और इजरायली सेना ने उस क्षेत्र में लगातार हमले जारी रखे हैं। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से गाजा में इजरायली हमलों में 765 से अधिक लोग मारे गए हैं।