क्रीमिया में रूस के नौसेना मुख्यालय पर यूक्रेन का मिसाइल हमला; एक की मौत, 6 घायल
क्या है खबर?
रूस और यूक्रेन के बीच करीब 19 महीने से चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब यूक्रेन ने काला सागर स्थित रूस के नौसेना मुख्यालय पर मिसाइलों से हमला किया है।
स्थानीय गवर्नर मिखाइल रज्वोझायेव ने कहा कि दमकलकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया और क्षेत्र की ओर जाने वाली कुछ सड़कों को बंद किया गया है।
खबर है कि हमले में एक रूसी सैनिक की मौत हो गई है।
वीडियो
वीडियो में कैद हुआ घटनाक्रम
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि हमले के बाद मुख्यालय से धुआं निकल रहा है।
सेवस्तोपोल के गवर्नर रज्वोझायेव ने सोशल मीडिया ऐप टेलीग्राम पर कहा, 'बेड़े मुख्यालय में आग बुझाने का काम जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेड़े मुख्यालय के आसपास के बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हमले के समय जो लोग सड़क पर थे, वे भी घायल नहीं हुए हैं।'
घायल
6 लोगों के घायल होने की भी खबर
रूस की समाचार एजेंसी TASS ने हमले में 6 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है।
रूसी मीडिया के मुताबिक, यूक्रेन की ओर से कई मिसाइलें दागी गई थीं, जिनमें से 10 को वायु रक्षा प्रणालियों ने मार गिराया। हालांकि, सेवस्तोपोल में रूसी नौसेना के मुख्यालय को फ्रांस में बनी हुई स्टॉर्म शैडो मिसाइल ने निशाना बनाया है।
बता दें कि सेवस्तोपोल क्रीमिया प्रायद्वीप का सबसे बड़ा शहर है, जिस पर वर्तमान में रूस का कब्जा है।
हमले
रूस-यूक्रेन में तेज हुए मिसाइल हमले
एक दिन पहले ही रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों पर मिसाइल दागी थी। यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा था कि इसमें 5 लोगों की मौत हुई और 18 लोग घायल हुए थे। बिजली संयंत्रों को नुकसान पहुंचा और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।
इससे पहले यूक्रेन ने क्रीमिया पर ही हमला कर रूस के 2 जहाजों को नुकसान पहुंचाया था। इस हमले में 24 लोगों के घायल हुए थे।
प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस
रूस और यूक्रेन में पिछले साल फरवरी से युद्ध चल रहा है। इस युद्ध में अब तक 5 लाख लोगों के हताहत होने की खबर है।
अमेरिका का कहना है कि यूक्रेन के करीब 3 लाख सैनिक हताहत हुए हैं। इसमें 1.20 लाख सैनिक मारे गए हैं और 1.70 लाख घायल हुए हैं। दूसरी ओर रूस के 70 हजार सैनिक मारे गए हैं और 1 लाख से ज्यादा घायल हुए हैं।