रूस में पुतिन के महल के पास हॉलिडे रिसॉर्ट पर हमला, 3 बच्चों समेत 7 मौत
क्या है खबर?
रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 4 साल से चल रही जंग का दायरा बढ़ रहा है। रूसी अधिकारियों ने दावा किया कि यूक्रेन ने काला सागर स्थित एक पर्यटक स्थल पर ड्रोन हमला किया, जिसमें 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हुई है। क्रास्नोदार क्षेत्र के गवर्नर वेनियामिन कोंड्राटयेव ने बताया कि हमला गेलेंड्ज़िक रिसॉर्ट में एक भीड़भाड़ वाले समुद्र तट पर किया गया था। हमले में कुल 40 घायल हैं, जिनमें 17 अस्पताल में भर्ती हैं।
हमला
यूक्रेन पर जानबूझकर नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप
हमले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक ड्रोन को एक चट्टान की ओर तेजी से गिरते हुए देखा जा सकता है, जो समुद्र तट पर विस्फोट होता है। मौके पर पर्यटक भी मौजूद दिख रहे हैं।
रूसी विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा की है। प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने यूक्रेन पर आतंकवाद का सहारा लेने का आरोप लगाया।
गर्वनर कोंड्राटयेव ने कहा कि यह कीव शासन का नागरिक आबादी पर जानबूझकर हमला था।
हमला
हमले से पहले नहीं बजा कोई सायरन
ड्रोन से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निजी महल से 18-20 किलोमीटर दूर काला सागर तट पर स्थित गेलेंड्ज़िक रिसॉर्ट के एक हिस्से, अर्खिपो-ओसिपोवका नामक पर्यटक गांव पर हमला हुआ था।
गर्मियों में यह पर्यटन स्थल पर्यटकों से खचाखच भरा रहता है। घायलों में 9 की हालत गंभीर है।
पिछले महीने रूस ने कीवी सेना पर यूक्रेन के जापोरिज़िया क्षेत्र के रूसी-नियंत्रित हिस्से में एक हॉलिडे कैंप पर हमले का आरोप लगाया था, जिसमें 4 बच्चों सहित 11 मौत हुई थी।
ट्विटर पोस्ट
यूक्रेन का हमला
RUSSIA'S BRAINLESS AIR DEFENSE.
— Михаил Квартерников (@MKvarkm) August 3, 2026
In Gelendzhik, Russia, a mobile fire team of the Russian AIR DEFENSE shot down a drone right over a beach where people were relaxing.
At least four people, including a child, were killed, and dozens more were injured.
The warning system was not… pic.twitter.com/QYpgksSBWU
युद्ध
जेलेंस्की के बयान के बाद हमला
यूक्रेन ने 2022 में रूस द्वारा शुरू किए गए युद्ध में अब रूस के अंदरूनी हिस्सों में हमलों को तेज कर दिया है, जिसमें तेल रिफाइनरियों और ई-कॉमर्स गोदामों को निशाना बनाया जा रहा है।
यह हमला यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर ज़ेलेंस्की के यह कहने के कुछ घंटों बाद हुआ कि रूस युद्ध को लंबा खींच रहा है और वह तब तक सैन्य दबाव बनाए रखेंगे, जब तक मॉस्को के पास शांति के अलावा कोई विकल्प नहीं नहीं रह जाता।